अवैध रूप से शराब बेचते 3 गिरफ्तार
मकराना | पुलिस ने शनिवार व रविवार को तीन अलग अलग मामलों में अवैध शराब बेचने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। रविवार को सब इंस्पेक्टर उदयलाल ने पुलिया फाटक क्षेत्र से रामस्वरूप बावरी पुत्र प्रभुलाल निवासी कालानाडा मकराना को बाइक पर तीन कार्टन शराब के ले जाते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे रुकवाकर कार्टन की तलाशी ली जिसमें 144 पव्वे देशी शराब के मिले थे। आरोपी के पास शराब बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। साथ ही शराब परिवहन को लेकर वो पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इस पर उसे आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। इसी प्रकार शनिवार रात्रि को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बुड़सू बाइपास पर एक होटल के पीछे एक व्यक्ति हथकढ़ शराब बेच रहा है। इस पर पुलिस ने रात्रि करीब 9:20 बजे दबिश देकर आरोपी मोतीराम पुत्र आईदान राम बावरी को गिरफ्तार किया। वह एक जरिकेन में पांच लीटर हथकढ़ शराब लिए हुए उसे बेचने की फिराक में था। इसी प्रकार पुलिस ने शनिवार रात्रि को 9:30 बजे बुड़सू गांव के पीपली चौक से हरीराम पुत्र जगदीश प्रसाद बावरी को पांच लीटर हथकढ़ शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मामले दर्ज किए गए हैं।