शिक्षकों ने सौंपा एसडीएम को ज्ञापन
मकराना. एसडीएम को ज्ञापन देते शिक्षक संघ के पदाधिकारी।
भास्कर संवाददाता | मकराना
राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के तत्वावधान में मंगलवार को संघ के पदाधिकारी व शिक्षकों नेे मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी मुकेश कुमार चौधरी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि सरकार ने शिक्षा विभाग में नित नए प्रयोग करके शिक्षा विभाग व शिक्षकों को कमजोर करने का प्रयास किया है।
इससे शिक्षकों में रोष है। शिक्षकों की समस्याओं को लेकर धरने, प्रदर्शन किए व ज्ञापन दिए गए लेकिन इसके बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री से एनपीएस को बंद कर पुरानी पेंशन योजना लागू करने, प्रबोधक, वरिष्ठ अध्यापक व 2008 के शिक्षकों की वेतन विसंगति का समाधान शीघ्र करने, जुलाई 2017 में शिक्षकों की रोकी गई वेतन वृद्धियां पुन: बहाल करने, सातवें वेतनमान का लाभ केन्द्र के समान जनवरी 2016 से दिए जाने, राजस्थान की भौगोलिक परिस्थितियों के मध्यनजर पूर्व की भांति शाला समय प्रात: 7 से 12 बजे व सुबह 10 से सांय 4 बजे तक किए जाने, एकीकरण द्वारा बंद किए गए विद्यालयों का संचालन पुन: किए जाने तथा आरटीई को व्यावहारिक बना कर विद्यालयों में पर्याप्त भौतिक संसाधन उपलब्ध कराए जाने की मांग की। शिक्षकों ने बताया कि लंबे समय से मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है। इस मौके पर प्रदेश प्रतिनिधि चेतन सिंह राजपुरोहित, जिला प्रतिनिधि मुक्ताराम मामडोली, देवीलाल बंजारा, अनिल कुमार भाटी, हनुमानराम बाबल, मातादीन सिंह आदि मौजूद थे।