बोरावड़ के गणेश कॉलोनी मोहल्ले में गत वर्ष 1 सितंबर की रात को एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी नाथूसिंह पुत्र जीतमल दरोगा को गिरफ्तार किया है। मामले के अनुसार कांट्रेक्टर रघुनाथ कुम्हार गत एक सितंबर रात 10 बजे अपनी स्कार्पियो कार को घर के बाहर खड़ी कर भीतर गया था। इसी दौरान बाहर से उसके पुत्र मुकेश के चिल्लाने की आवाज आई। बाहर निकला तो आरोपी नाथू सिंह, विक्रम सिंह उर्फ विक्की वगैरह उस पर हमला कर रहे थे। कांट्रेक्टर व उसके दूसरे पुत्र नवल ने बीच बचाव किया। इस दौरान मुकेश बेहोश हो गया। जिसे मरा हुआ समझकर आरोपी भाग गए थे एवं जाते हुए घर के बाहर खड़ी स्कार्पियो के कांच तोड़ गए। रविवार रात में युवक के बोरावड़ स्थित अपने घर आने की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ने लाडनूं कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।