मकराना | एडीजे कैंप कोर्ट को मकराना में स्थाई करने की मांग को लेकर अभिभाषक संघ मकराना का क्रमिक अनशन 60 वें दिन भी जारी रहा। रविवार को संघ अध्यक्ष एडवोकेट राजेश पारख, पूर्व अध्यक्ष दिलीप सिंह राठौड़, कोषाध्यक्ष तलत हुसैन हनीफी, सगीर अहमद बेहलिम व बजरंग लाल व्यास अनशन पर बैठे। जनप्रतिनिधि इस्लामुद्दीन ने भी धरने को समर्थन दिया। संघ के कोषाध्यक्ष तलत हुसैन हनीफी ने कहा कि जब तक स्थाई एडीजे कोर्ट की मांग पूरी नहीं हो जाती है तब तक बार संघ का अनशन जारी रहेगा। एडवोकेट दिलीप सिंह राठौड़, सगीर बेहलिम व बजरंग व्यास ने कहा कि बार संघ के क्रमिक अनशन को पूरे साठ दिन हो गए हैं परंतु सरकार जायज मांग पूरी नहीं कर रही है। जब तक एडीजे कोर्ट की जायज मांग सरकार नहीं मान लेती है तब तक अधिवक्ता आंदोलन खत्म नहीं करेंगे। इस मौके पर एडवोकेट चिरंजीलाल शर्मा, मो. शरीफ चौधरी, मुजफ्फर हुसैन, हरिकृष्ण, मो. इस्हाक रांदड़ सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद थे।