पाली पंचायत समिति के प्रधान श्रवण बंजारा रविवार को एक दिवसीय दौरे पर मकराना पहुंचे। उन्होंने राजौरा बास स्थित पूर्व पार्षद ईश्वरलाल बंजारा के निवास पर बंजारा समाज के लोगों को कुरीतियों का त्याग करने के लिए प्रेरित करते हुए उनके दुष्परिणाम भी गिनाए। उन्होंने समाज में बाल विवाह की रोकथाम में समाज के प्रत्येक नागरिक से भागीदारी का आह्वान किया। इसके अलावा दहेज प्रथा व मृत्यु भोज जैसी कुरीतियों को जड़ से खत्म करने के लिए समझाइश करते हुए कहा कि कुरीतियां समाज की तरक्की में बाधक बनती है। प्रधान ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं की रोजगार में भागीदारी बढ़ाने, सामाजिक विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने एवं उक्त मुद्दों पर गहन चिंतन मनन करने की बात भी कही। इस दौरान पूर्व पार्षद ईश्वरलाल बिंजरावत ने प्रधान से बंजारा समाज के लिए राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए प्रदेश स्तरीय भाजपा नेताओं से बातचीत करने का आग्रह किया। इस पर प्रधान बंजारा ने कहा कि इस मुद्दे पर शीघ्र ही बंजारा समाज का शिष्टमंडल केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात के लिए दिल्ली जाएगा। इस दौरान ऑल इंडिया बंजारा सेवा संघ के युवा प्रदेश अध्यक्ष सूरजपाल बड़त्या, पूर्व सरपंच राजूराम, आकेली के पूर्व सरपंच बाबूलाल बंजार, महेंद्र बड़त्या, ललित कुरा, गणपत जोधपुर, सुमेर मुछाल मेड़ता, जालम सिंह बड़त्या मेड़ता सिटी, भवानी बिंजरावत, रूपाराम बंजारा अरांई, मनोहर बंजारा खदेड़ा सहित अन्य लोग उपस्थित थे। इस मौके पर पाली प्रधान श्रवण बंजारा का माला एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया।