मकराना | नगर परिषद मकराना में सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया के लिए गठित की जाने वाली कमेटी में अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ की मकराना शाखा के चार सदस्यों को भी शामिल करने की मांग को लेकर संघ के पदाधिकारियों ने परिषद आयुक्त सुनील चौधरी को ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष नटवर लाल ने बताया कि राज्य सरकार ने हाल ही में नगर परिषद मकराना में सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया शुरू की है। उन्होंने बताया कि उक्त भर्ती में वाल्मीकि समाज के अलावा दूसरी जाति वर्ग के लोग भी भर्ती प्रक्रिया में आवेदन कर रहे हैं। वर्तमान में मकराना के वाल्मीकि समाज के काफी लोग आज भी बेरोजगार है जिनको प्राथमिकता के आधार पर पहले भर्ती प्रक्रिया में लिया जाए। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया के लिए गठित होने वाली कमेटी में चार सदस्यों को शामिल किए जाने की मांग की। इस मौके पर सफाई मजदूर संघ संयोजक रामचरण घारू, महामंत्री पूरणराम घारू आदि मौजूद थे।