कस्बे के मकराना रोड स्थित विधायक कार्यालय में भाजपा के ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की एक बैठक का आयोजन भाजपा खंड विस्तारक शिवदान सिंह की अध्यक्षता तथा विधायक श्रीराम भींचर की उपस्थिति में हुआ। बैठक में विधायक भींचर ने कहा कि किसी भी पार्टी की रीढ़ उसके कार्यकर्ता होते है।
पार्टी कार्यकर्ता के परिश्रम से ही चलती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को चाहिए कि अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजना की जानकारी आमजन को देते हुए उसे उसका लाभ दिलवाएं। वहीं विस्तारक शिवदानसिंह ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीति-नीति के अनुसार कार्य करते हुए आमजन को पार्टी से जोड़ते हुए पार्टी को मजबूत बनाने का प्रयास करेंं। उन्होंने बूथ स्तरीय समितियों का गठन करते हुए बूथ प्रभारी को अपने क्षेत्र के प्रत्येक कार्यकर्ता तथा पार्टी के सदस्य व वैचारिक सिद्धांत वाले प्रत्येक व्यक्ति से मिलते रहने तथा संवाद स्थापित करने की बात कही। पूर्व मंडल अध्यक्ष रणजीतसिंह चौहान ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान मकराना ग्रामीण क्षेत्र के गांवों में प्रत्येक बूथ स्तर पर समितियों का गठन किया गया। जिसके अंतर्गत प्रत्येक गांव के प्रत्येक बूथ पर 21 सदस्यों को शामिल किया गया है।
इसके साथ ही संगठन को मजबूत बनाने की भी बात कही। उन्होंने आमजन को सरकार की योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया। इस दौरान रामसिया सरपंच चैनाराम खटीक, बेसरोली सरपंच देवाराम गुर्जर, धानणवा सरपंच सुखदेव बागड़ा, पंचायत समिति सदस्य हनुमानराम बाबल, पंचायत समिति सदस्य श्रवणराम डूडी, पंचायत समिति सदस्य धर्मेंद्र सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।