सोमवार दोपहर आलरी के ढाबे के पास फोरलेन निर्माता कंपनी ओरियंटल के डंपर द्वारा साइड नहीं देने की बात को लेकर ब्यावरा से आ रही बोलेरो क्रमांक एमपी 39 बी-बी 1154 में सवार चार युवकों ने उत्पात मचाते हुए कंपनी के दो डंपर और एक पोकलैंड मशीन के कांच हेडलाइट फोड़ दिए।
युवकों ने पत्थरों से मशीन के सारे कांच फोड़ दिए और ड्राइवर के साथ मारपीट भी की। ठेकेदार गुलरेज खान ने बताया उक्त बोलेरो में सवार युवकों ने साइड नहीं मिलने पर तोड़फोड़ कर एक लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान कर दिया। मक्सी पुलिस द्वारा उक्त गाड़ी को पकड़ने के लिए देवास बीएनपी पुलिस को सूचित भी किया, लेकिन वह गाड़ी देवास तक पहुंची ही नहीं। आरटीओ से पता लगाने पर मालूम हुआ की उक्त बोलेरो किसी कैलाशचंद्र प्रजापत ब्यावरा के नाम पर राजगढ़ आरटीओ से रजिस्टर्ड है। पुलिस ने ठेकेदार की रिपोर्ट पर आईपीएस की धारा 506, 294, 427 के तहत मामला दर्ज किया।