पशु अस्पताल से नहीं मिल रहीं स्वास्थ्य सेवाएं, पशुपालक हो रहे परेशान
मालनपुर | पशु अस्पताल ऊमरी में डॉक्टर की कमी के कारण किसानों को समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। मवेशियों के इलाज की खातिर अस्पताल में पहुंचने वाले पशुपालकों को शासन की सेवाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। बता दें कि पिछले दो साल से पशु अस्पताल में डॉक्टर पदस्थ नहीं है, केवल चौकीदार कभी-कभी अस्पताल को खोलकर साफ-सफाई कर देता है। हालांकि अस्पताल का कायाकल्प करा दिया गया है, मगर प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी अस्पताल में अब तक डॉक्टर की नियुक्ति नहीं हो सकी है। जिसकी वजह से लोगों को मवेशियों का इलाज प्राइवेट क्लीनिकों पर कराना पड़ रहा है।