पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कुतलपुरा मालियान में दिखाई बाघिन पर आधारित फिल्म

कुतलपुरा मालियान में दिखाई बाघिन पर आधारित फिल्म

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सवाई माधोपुर| अर्थ डे नेटवर्क इंडिया के तहत किड्स फोर टाइगर संस्था की ओर से ग्राम कुतलपुरा मालियान मे रणथम्भौर की प्रसिद्ध बाघिन मछली की फिल्म स्क्रीनिंग दिखाई गई। संस्था समन्वयक गोवर्धन मीणा ने बताया कि गांव के सभी ग्रामीणों ने इस फिल्म को बड़े उत्साह से देखा। पंचायत समिति सदस्य जितेंद्र सैनी ने कहा कि जब बाघिन मछली जिंदा थी तो यहां के ग्रामीणों ने कई बार आमा घाटी वन क्षेत्र में करीब से देखा और अब इसे फिल्म स्क्रीन के माध्यम से देखा गया। इस दौरान ग्राम पंचायत शेरपुर सरपंच मंजू सैनी, अनिल सैनी, सुनील सैनी, सतवीर सैनी, बलवीर सैनी, बनवारी सैनी, विजेंद्र सैनी आदि ने इस फिल्म की सराहना की। फिल्म डायरेक्टर नल्ला मुत्थु ने कहा कि यह फिल्म को रणथम्भौर परिक्षेत्र के सभी गांव में दिखाई जाएगी।

रेखा शर्मा महिला कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मनोनीत

सवाई माधोपुर| राजस्थान महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रेहाना रियाज की सहमति से सवाई माधोपुर निवासी रेखा शर्मा को महिला कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है। साथ ही नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष रेखा शर्मा को कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। रेखा शर्मा के जिला उपाध्यक्ष बनने से स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।

सवाई में बिजली ऑफिस के पास जल मंदिर का शुभारंभ

सवाई माधोपुर| बिजली ऑफिस के पास स्व. रामपाल शर्मा की स्मृति में समाजसेवी आनंद शर्मा ने जनहित में जल मंदिर का शुभारंभ किया है। प्याऊ संचालक दयाराम असनानी ने बताया कि इस दौरान मौजूद अशोक, राजू पहाड़िया, रामचंद्र कृपलानी, राधेश्याम चौधरी, कुंदन आदि लोगों ने जल मंदिर पर आमजन को पानी पिलाकर इसका शुभारंभ किया। इस दौरान कई लोग मौजूद थे।

नाथ समाज का विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बैठक आज

चौथ का बरवाड़ा| कस्बे में 29 व 30 अप्रेल को होने वाले नाथ समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रविवार को बैठक होगी। सम्मेलन के सचिव रामबिलास योगी ने बताया कि इसमें पंजीयन को लेकर चर्चा की जाएगी।

दुष्कर्म के आरोपितों को फांसी की सजा देने की मांग, सौंपा ज्ञापन

मलारना डूंगर| कस्बे के लोगों ने उपजिला कलेक्टर द्वारा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर दुष्कर्म के आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव अकरम बुनियाद, जिला परिषद सदस्य मोतीलाल बैरवा, सरंपच मुकेश नावरिया, वार्ड पंच कोसर अली, दिलशाद खान, छाजूलाल नावरिया आदि ने ज्ञापन के माध्यम से प्रधानमंत्री से हाल ही उन्नाव यूपी, कठवा जम्मू में नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म की निन्दा करते हुए आरोपियों को जल्द सख्त सजा दी जाए तथा दुष्कर्म के मामले का छह माह में निपटारा करने व नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वालों को घटना के छह माह के अन्दर फांसी की सजा देने का कानून बनाने की मांग की है।

कोचर पट्‌टी में बनाएं गौ अभयारण्य

सवाई माधोपुर| गोसंरक्षण को लेकर कलेक्टर ने कोचर पट्‌टी बामनवास में गौ अभयारण्य बनाने को लेकर गोपालन विभाग के शासन सचिव को पत्र लिखा है। कलेक्टर ने पत्र में बताया है कि गौ संरक्षण के लिए प्रस्तावित स्थान सवाईमाधोपुर की बामनवास तहसील की गढ़ अमावरा पंचायत के ग्राम डूंगर पट्‌टी में कोचर की ढ़ाणी पहाड़ी क्षेत्र में उपलब्ध हैं। गौ अभयारण्य को पिकनिक स्पॉट की तरह विकसित करें जिससे जन सहभागिता को प्रेरित किया जा सके। कोचर के पहाड़ पर 15 गुणा 6 किलोमीटर जमीन उपलब्ध है। कोचर के कुल पहाड़ी क्षेत्र 2357.88 हैक्टेयर में से 1484.32 हैक्टेयर वन विभाग के अंतर्गत आता है। कोचर पहाड़ पर पहुंचने के लिए पक्की सड़क हैं। पानी के स्रोत 15 से अधिक हैं। ऐसे में कोचर पट्‌टी बामनवास में गौ अभ्यारण्य बनाया जा सकता है। कोचर पहाड़ी पर लगभग दस हजार गायें रखी जा सकती है, सर्वे कराया जाना ज्यादा उचित होगा। पानी के बिन्दुओं के आसपास सघन पौधरोपण उचित रहेगा। कलेक्टर ने पत्र में बताया कि गौ अभ्यारण्य के लिए एन्ट्री गेट, सड़क व्यवस्था, पशु बाड़ा व्यवस्था, बोरिंग, चारा उत्पादन के लिए वन विभाग के माध्यम से 1484 हैक्टेयर में चरागाह विकसित एनएलएम योजनांतर्गत करना। विभागीय गेस्ट हाऊस, स्टॉफ क्वार्टर एवं बहु पशु चिकित्सालय विकसित कर सर्जरी, गाइनीकोलॉजी व मेडिसिन का स्टाफ लगाना जिससे गौवंश की जान बचाई जा सके।

पानी की समस्या दूर करने के लिए महिला फेडरेशन कल देगा ज्ञापन

सवाई माधोपुर| जिले में व्याप्त पेयजल की समस्या को लेकर 16 अप्रेल को राजस्थान प्रगतिशील महिला फेडरेशन द्वारा कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने के साथ ही कलेक्टर को सामूहिक रूप से ज्ञापन दिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...