परशुराम जयंती पर जिले में हुए कार्यक्रम
नगर संवाददाता | सवाई माधोपुर
जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दिनभर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं तथा पुरुषों ने भाग लिया। वहीं जिला मुख्यालय पर बैंडबाजों के साथ भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली गई।
सनाढ्य गौड़ ब्राह्मण समाज मानटाउन द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सनाढ़य गौड़ ब्राह्मण समाज मानटाउन के अध्यक्ष किशन शर्मा ने बताया कि परशुराम जयंती पर दिनभर के कार्यक्रमों के बाद शाम पांच बजे भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली गई। बैंडबाजों के साथ शोभायात्रा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन से रवाना हुई, जो मुख्य बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई गुजरी। शोभायात्रा में भगवान परशुराम, श्रीराम आदि की सजीव झांकियां भी सजाई गई। युवा वर्ग बैंडबाजों के धुन पर नाचते गाते हुए तथा भगवान परशुराम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल हुई। बजरिया में निकाली गई भगवान परशुरामजी की शोभायात्रा में पूर्व विधायक हंसराज शर्मा, पूर्व प्रधान केशवदेव शर्मा, ब्रह्मण समाज मानटाउन के अध्यक्ष किशन शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. नगेंद्र शर्मा सहित ब्राह्मण समाज कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
विभिन्न संगठनों ने कई जगहों पर किया स्वागत : परशुराम जयंती के अवसर पर बजरिया में निकाली गई शोभायात्रा का जगह-जगह अलग-अलग सामाजिक संगठनों के सदस्यों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। गौत्तमाश्रम ट्रस्ट अध्यक्ष वैद्य नाथूलाल शर्मा एवं कोषाध्यक्ष मोहन लाल शर्मा ने शोभायात्रा में भगवान परशुराम की पूजा अर्चना कर शोभायात्रा में मौजूद विप्र बन्धुओं का स्वागत किया। साथ ही पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान हरिमोहन गौत्तम, भीमराज गौत्तम, दीनदयाल गौत्तम, सत्यनारायण हावा, रवि शास्त्री, अनुपम, ओम प्रकाश सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
बौंली| कस्बे में श्री परशुराम नवयुवक मंडल एवं ब्रह्म समाज के संयुक्त तत्वावधान में भगवान परशुरामजी की जयंती समारोह पूर्वक हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सुबह आठ बजे श्री राम मंदिर से भगवान परशुराम जी की पूजा एवं आरती क बाद शोभायात्रा बैंडबाजे के साथ रवाना हुई। शोभायात्रा का विप्र फाउंडेशन के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, एसडीओ कार्यालय में कार्यरत कार्यालय सहायक योगेश कुमार भारद्वाज, भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष कानजी मीना, ग्राम पंचायत, राजकुमार तिवाडी सहित कई समाज बंधुओं एवं लोगों द्वारा पुष्प वर्षा कर, ठंडा पेय पिलाकर एवं अल्पाहार करवाकर स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन गाते हुए, नाचते हुए एवं जयकारा लगाते हुए चल रहे थे।
चौथ का बरवाड़ा| क्षेत्र में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कस्बे में स्थित सनाढ्य ब्राह्मण धर्मशाला में समाज की ओर से कार्यक्रम हुआ। इसमें समाज के लोगों ने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा अर्चना की। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्य देवीशंकर शर्मा ने भगवान परशुराम के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए लोगों से उनका अनुकरण करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में बालमुकुंद शर्मा ने सामाजिक एकता पर बल दिया।
मलारना डूंगर| कस्बे की ब्राह्मण धर्मशाला में बुधवार को विप्र समाज के लोगों ने भगवान परशुराम की जयंती मनाई। कार्यक्रम के प्रारंभ में पंडित जुगल किशोर शर्मा ने परशुरामजी के भित्ती चित्र के आगे दीप प्रज्वलित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान परशुराम की जीवनी के बारे में बताते हुए सामाजिक रुप से संगठित रहने पर बल दिया। कार्यक्रम में 21 अप्रैल को शोभायात्रा निकालने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। इस अवसर पर हवन पूजन भी किया गया। कार्यक्रम में नवल किशोर उपाध्याय, अनिल शर्मा, मनोज शर्मा, राकेश तिवाडी, दीपक शर्मा, रमेश शर्मा, सुरेश शर्मा, धनंजय शर्मा, सूर्यांश शर्मा, पुष्कर शर्मा आदि अनेक ब्राह्मण समाज के लोगों ने भाग लिया।
खिरनी| कस्बे में ब्राह्मण समाज की ओर से परशुराम जयंती के अवसर पर भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली गई। खिरनी ब्राह्मण समाज इकाई अध्यक्ष सुरेश चंद्र वैद्य ने बताया कि भगवान परशुराम की शोभायात्रा सब्जी मंडी स्थित शिवालय से शुरू हुई जो बैंड बाजों के साथ मुख्य बाजार होते हुए चामुंडा माता मंदिर पहुंची। इस दौरान शोभा यात्रा का ब्राह्मण समाज के लोगों ने जगह-जगह पर स्वागत किया गया।
भगवतगढ़| कस्बे के ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान परशुराम की जयंती हर्ष एवं उल्लास से मनाई गई। इस अवसर पर कई कार्यक्रम हुए। जयंती के अवसर गोपीनाथ मंदिर प्रांगण में भगवान परशुराम की पूजा अर्चना की गई।इस अवसर पर राधेश्याम शर्मा द्वारा भगवान परशुराम के जीवन एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने विचार व्यक्त किए।
कुस्तला| कस्बे में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों में कई धार्मिक कार्यक्रम हुए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
सवाई माधोपुर. भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर बजरिया में विभिन्न मार्गों से गुजरती शोभायात्रा में शामिल लोग।
बौंली. बौंली में भगवान परशुरामजी की शोभायात्रा में शामिल लोग।
मलारना डूंगर. कस्बे में परशुराम जयंती पर हवन करते ब्राह्मण समाज के लोग।
चौथ का बरवाड़ा. कस्बे में भगवान परशुराम की जयंती मनाते समाज के लोग।