रमजान के माह में गांवों में 24 घंटे बिजली सप्लाई देने के आदेश
मालेरकोटला में बिजली सप्लाई संबंधी बैठक करते विभाग के अधिकारी।
मालेरकोटला|रमजान-उल-मुबारक के पवित्र महीने के आगमन को लेकर कैबिनेट मंत्री रजिया सुल्ताना की ओर से शहर व अन्य मुस्लिम अबादी वाले क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली सप्लाई देने के लिए पावरकॉम विभाग को पत्र लिखा गया। इसमें उन्होंने आदेश देते हुए पावरकॉम विभाग को कहा है कि इस्लाम धर्म की ओर से उक्त महीने में विशेष इबादत की जाती है। जून व जुलाई में गर्मी पडऩे के कारण मुस्लिम भाईचारे को रोजे रखने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिस कारण शहर व मुस्लिम आबादी वाले गांवों में 24 घंटे बिजली सप्लाई यकीनी बनाया जाए। जिसके तहत पावरकॉम के एक्सीयन अविनाश गर्ग ने सर्कल सब डिवीजनल के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें आदेशों की पालना करने के लिए कहा है। बैठक में सिटी-1, सिटी-2, देहाती, शेरवानी कोट, संदौड़, कुप कलां, लसोई, एसएसई 66 केवी मालेरकोटला, एडीशनल एसई 220 केवी सब स्टेशन मालेरकोटला के अधिकारियों को आदेश दिए गए कि रमजान का महीना शुरू होने से पहले संबंधित फीडरों में ट्रांसफार्मर की तुरंत जांच की जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि रमजान के महीने में बिजली की सप्लाई की परेशानी आई तो अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर दरबारा सिंह, मुहम्मद तारिक याकूब, अब्दुल सतार, जीत सिंह, हरविंदर सिंह, राजेश कुमार, कुलदीप कुमार, रणजीत आदि उपस्थित थे। (जमाली)
कैबिनेट मंत्री सुल्ताना ने पावरकॉम को लिखा पत्र