भास्कर संवाददाता| मालेरकोटला
पुलिस ने 5 दिन पहले कब्रिस्तान में मिली नौजवान की लाश की गुत्थी शनिवार को सुलझा ली। नौजवान को उसके पड़ोस में दूध का कारोबार करने वाले युवक ने कथित तौर पर नशे की ओवरडोज का टीका लगाकर मौत के घाट उतारा था। वह मारे गए युवक के उधार दिए पैसे नहीं लौटाना चाहता था। थाना सिटी-1 के मुखी दविंदर सिंह के अनुसार, 14 मई को मालेरकोटला-लुधियाना हाइवे पर एक नौजवान की लाश मिली थी, जिसकी पहचान मुहम्मद आबिद (मुहल्ला बंगला, नजदीक हैदर शेख) के रूप में हुई थी।
पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि मुहम्मद आबिद अपने रिश्तेदार के साथ सब्जी का कारोबार करता था। उसे पड़ोस में दूध का काम करने वाले मुहम्मद अनवर (गांव संघैण) से 30 हजार रुपए लेने थे, मगर अनवर पैसे देने में आनाकानी कर रहा था। यह पैसे लौटाना नहीं चाहता था। इसलिए यह आबिद से रंजिश रखने लगा। 13 मई को मुहम्मद आबिद को अपने मोटरसाइकिल पर बैठाकर कब्रिस्तान ले गया और मारने की नीयत से उसको नशे वाले टीके की ज्यादा डोज लगा दी, जो मौत का कारण बनी।
एसएचओ दविंदर सिंह ने बताया कि मुहम्मद अनवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आबिद के चाचा सिराज अहमद के बयान पर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। रविवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। इसके बाद आगे की बनती कार्रवाई की जाएगी।(जमाली)
मुहम्मद आबिद की हत्या में खुलासा - अनवर 13 मई को आबिद को अपने बाइक पर बैठा ले गया था