शाॅर्ट सर्किट से 22 एकड़ गेहूं जली
भास्कर संवाददाता|गिद्दड़बाहा
बुधवार को गिद्दड़बाहा हलके के विभिन्न गांवों में लगभग 22 एकड़ गेहूं जलकर राख हो गई। गांव हुसनर के कच्चा रोड थेहड़ी स्थित खेतों में शार्ट सर्किट के कारण लगी आग से लगभग 7 एकड़ गेहूं जल गई। गांव हुसनर के किसान टहल सिंह पुत्र खेता सिंह ने बताया कि उसकी 2 एकड़ गेहूं, जीत सिंह पुत्र बखतौर सिंह की 2 एकड़ व सुखदेव सिंह पुत्र गुरचरण सिंह की 3 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
उन्होंने बताया आग लगने का पता लगने पर खेतों में गेहूं की कटाई करने वाले किसानों व मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने मशक्कत कर जल्दी ही आग पर काबू पा लिया, जिसके कारण आस-पास लहरा रही गेहूं की फसल का बचाव रहा। प्रभावित किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है, जबकि उन्होंने बताया कि पिछले साल भी इसी स्थान पर शार्ट सर्किट के कारण आग लगी थी, जिसमें लगभग 50 एकड़ गेहूं जल कर राख हो गई थी, लेकिन सरकार की ओर से मुआवजा नहीं मिल पाया। (गोबिंद गुप्ता)
मलोट में स्पार्किंग से 2 किसानों की 13 एकड़ गेहूं जलकर राख
मलोट |मुक्तसर के जरनैली सड़क पर गांव औलख कराईवाला को जाते कच्चे रास्ते पर 11 केवी बिजली के स्विच से करीब 1.30 बजे गिरी चिंगारियों ने किसान तोता सिंह व बोहड़ सिंह क्रमश: 7 एकड़ व 6एकड़ गेहूं का रकबा जलकर राख हो गया। गांव औलख के किसान गुरमीत सिंह ने वट साझी होने के कारण आग का फैलाव रोकने के लिए अपनी गेहूं तवी से जोत दी। इसी तरह उसने साथ लगती सैकड़ों एकड़ गेहूं का बचाव किया। गांव औलख से पहुंचे सैकड़ों बाशिंदे व फायर ब्रिगेड अधिकारी दविंदर सिंह, लक्ष्मण सिंह, वरिंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, जगदीप सिंह, बिक्रम सिंह, सुखचैन सिंह सभी फायरमैन व ड्राइवर शेर सिंह ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीडि़त किसानों ने बताया कि उनका जतिंदर सिंह पुत्र सोहन सिंह व राजपाल पुत्र मोहन सिंह से जमीन ठेके पर लेकर गेहूं बीजी थी। उन्होंने बताया कि पावरकॉम द्वारा हर रोज सुबह आठ से शाम आठ बजे तक बिजली सप्लाई बंद रखी जाती है, परंतु बिजली चालू होने पर तेज हवा से ढीली तारों से हुई स्पार्किंग ने गेहूं व नाड़ को जलाकर राख कर दिया। उन्होंने इस नुकसान के लिए पावरकॉम को जिम्मेदार बताते विभाग से नुकसान की भरपाई की मांग की है, जबकि पावरकॉम के अधिकारी राधेश्याम का कहना था कि औलख ग्रिड से बिजली बंद की हुई है, फिर भी विभाग द्वारा पड़ताल करवाई जाएगी। (जसपाल)