- Hindi News
- National
- खांडल समाज के 51 जाेड़े बनेंगे जीवन साथी, सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियां तेज
खांडल समाज के 51 जाेड़े बनेंगे जीवन साथी, सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियां तेज
मालपुरा। खांडल विप्र चौरासी काठेडा द्वारा 30 अप्रैल को मालपुरा के हायर सेकंडरी स्कूल खेल मैदान में आयोजित होने वाले तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर है। सम्मेलन में खांडल समाज के 51 जाेड़े जीवन साथी बनेंगे। समाज के नवयुवकों व युवतियों में भी इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह है।
प्रवक्ता मणिशंकर रूंथला ने बताया कि आयोजन को लेकर जयपुर रोड स्थित मदनमोहन खांडल विप्र सेवा सदन में दोपहर दो बजे महिला मंडल की बैठक का आयोजन किया गया जिसमें 100 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। सम्मेलन समिति के अध्यक्ष प्रह्लाद गोवला, महामंत्री जगमोहन निढाणिंया, कोषाध्यक्ष संजय दगोलिया, शाखा सभाध्यक्ष सत्यनारायण श्रोत्रिय, कृष्णगोपाल गोवला, प्रह्लाद श्रोत्रिय, सत्यनारायण गोवला आदि ने सम्मेलन में महिलाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें संबंधित व्यवस्था की जिम्मेवारी सौंपी। रात्रि में समाज के नवयुवकों की बैठक हुई। इसमें 200 से अधिक युवाओं ने भाग लिया व स्वप्रेरणा से सम्मेलन में अपनी भागीदारी निश्चित की। जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल को सम्मेलन स्थल पर शाम 4 बजे से ध्वजारोहण के साथ ही समाज बंधुओं का रजिस्ट्रेशन प्रारम्भ होगा। रात्रि में अंतरराष्ट्रीय स्तर के राजस्थानी कलाकार राजस्थानी संस्कृति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसके पश्चात विभिन्न बोलियां लगाई जाएंगी। प्रवक्ता मणिशंकर ने बताया कि इसके पश्चात तोरण, वरमाला व नवयुगलों का पाणिग्रहण संस्कार होगा। आमंत्रित अतिथियों व समाज बंधुओं की उपस्थिति में आशीर्वाद समारोह का आयोजन होगा।