डूंगरी गांव में पानी के लिए हाय-तौबा
ग्राम डूंगरी में गर्मी शुरू होने के साथ ही पेयजल संकट गहराने लगा है। गांव के बाहर लगाए गए बीसलपुर योजना के सार्वजनिक नल से पानी भरने के लिए रोजाना सुबह महिलाओं का मेला लगता है। पहले पानी भरने के चक्कर में महिलाओं के कई बार चरियो व मटकियो से घमासान होना सामान्य बात हो चुकी है।
गांव के लोगों ने अनेक बार जलदाय विभाग व प्रशासन को डूंगरी में पीने के पानी की समस्या का समाधान करने के लिए ज्ञापन दिया लेकिन समस्या समाधान की जगह समस्या अधिक गंभीर हुई है। गांव वासियों का कहना है कि डूंगरी में बीसलपुर के आठ दस प्वाइंट अलग अलग मोहल्लों में लगाए गए थे लेकिन उन प्वाइंटो में जब पानी नहीं आया तो विभाग के अधिकारी कर्मचारियों ने गांव के बाहर एक ही जगह दीवार पर 11 टूंटियां लगाई। लेकिन यह भी नाकाम रहने पर मात्र तीन नलों में पानी चालू किया गया। अब हालत यह है कि कस्बा डूंगरी के तमाम घरों में इसी नल से पानी जाता है। इन नलों में पानी सुबह मात्र डेढ़ दो घंटे ही आता है, जिससे गांव वासियों की आवश्यकता पूरी नहीं हो रही है। पानी पहले भरने की होड में अल सुबह से ही नल के आस पास पानी के बर्तनों की लाइन लग जाती है बडी संख्या में एकत्र महिलाओं में आए दिन झगडे होते रहते है। गांव वासियों ने बताया कि गांव के हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं। नाडी तालाब व कुएं बावडियांें में पानी की बूंद नहीं होने से गांव वासियों को पीने के पानी का और कोई आधार नहीं है। गांव के लोगों ने बताया कि डूंगरी तक की पाइप लाइन में अवैध कनेक्शनों से गांव तक पानी बहुत कम मात्रा में पहुंचता है। चरागाह में ट्यूबवेल लगा कर खेती के लिए पानी का दोहन करने से भी गांव में पानी का संकट गहराया है।
मालपुरा. डूंगरी गांव में पीने के पानी के संकट से जूझ रहे ग्रामवासियों को बीसलपुर योजना के नल प्वाइंटों पर पानी के लिए महिलाओं में हाय-तौबा।
वार्ड 20 में लंबे समय से पानी की किल्लत
टोंक| शहर में पीने के पानी की किल्लत के चलते वार्ड 20 वन विहार कॉलोनीवासियों ने जलदाय विभाग के सहायक अभिंयता से पानी की पाइपलाइन डलवाने की मांग की है। वार्डवासी जावेद चिश्ती, शादमा, रामअवतार, रूबीना, यास्मीन, नसरीन, मुन्ना, कलीम, शमीम, शरीफुद्दीन, सोहेल, बदरुद्दीन, कय्यूम, ताहिब, जुम्मा, रियाज आदि ने बताया कि कॉलोनी में तीन सौ से ज्यादा परिवार रहते है। इसके बावजूद काफी लंबे समय से वार्ड में पानी की किल्लत बनी हुई है। कॉलोनीवासी टेंकरों पानी मंगवाकर पीने को मजबूर हैं। इसके चलते काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया जा चुका है। जल्द से जल्द कॉलोनी में पीने के पानी की नई पाइपलाइन डलवाई जाए।