मालपुरा. इंदोली में कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ।
मालपुरा | ग्राम इंदोली में ग्रामवासियों के सहयोग से रविवार को कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। बैंडबाजों के साथ नाचते गाते हुए निकली कलश यात्रा बडी संख्या में गांव की महिलाएं शामिल हुई। कलश यात्रा ग्राम भ्रमण करती हुई कथा स्थल बालाजी मंदिर प्रांगण में पहुंची। जहां कथावाचक पंडित राजेंद्र शास्त्री झिराना ने अपने सहयोगी पंडितों के सहयोग से कलश स्थापित कर भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया।
इंदोली के पूर्व उपसरपंच रामधन चौधरी व जगदीश गुर्जर ने बताया कि ग्राम वासियों के सहयोग से बालाजी के मंदिर में भागवत कथा का आयोजन 20 मई से 27 मई तक किया जाएगा। व्यासपीठ पंडित राजेंद्र शास्त्री द्वारा भागवत पुराण के विभिन्न प्रसंगों पर विस्तार से प्रवचन देंगे। रोजाना सुबह नो बजे से एक बजे तक व दो बजे से सायंकाल पांच बजे तक चलने वाली इस संगीतमय भागवत कथा में मार्मिक व धार्मिक कथानक भी सुनने को मिलेंगे।
ग्राम वासियों ने बताया कि 27 मई को समापन अवसर पर विशाल रामधुनी प्रभात फेरी निकाली जाएगी। सामूहिक आरती व भंडारा प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इंदोली के बालाजी मंदिर में आयोजित भागवत कथा सुनने के लिए आस पास गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र होंगे। भागवत कथा के आयोजन को लेकर गांव के युवाओं व महिलाओं में उत्साह है। समूचा गांव धर्ममयी बना हुआ है।