भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं
किसानों को फसल लागत का लाभकारी मूल्य देने, किसानों को कर्ज मुक्ति के लिए नीतिगत बदलाव करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ की ओर से सोमवार को कलेक्ट्रेट पर धरना देकर कलेक्टर को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे गए। धरने को संबोधित करते हुए भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. संदीप शास्त्री ने कहा कि सरकार की कृषि नीति की वजह से खेती घाटे का सौदा साबित हो रहा है। हर चीज के दाम बढ़ रहे हैं, लेकिन किसान की उपज का मोल नहीं बढ़ रहा।
संभाग मंत्री श्रीचंद सिद्ध ने कहा कि लोकतंत्र में एकजुटता व संगठन की सुनवाई होती है। उन्होंने कहा कि किसानों को संगठित होकर अपना प्रतिनिधि विधानसभा व लोकसभा में भेजना होगा ताकि उनकी समस्याओं की सदन में पैरवी हो सकें। धरने को जिला सहमंत्री केदारमल शर्मा, जिला संरक्षक हीरालाल श्योराण, जिला मंत्री रामानंद जाट, कोषाध्यक्ष गुगनराम, झुंझुनूं तहसील अध्यक्ष भोपाल सिंह, उदयपुरवाटी ब्लॉक अध्यक्ष अमर सिंह, मलसीसर ब्लॉक अध्यक्ष बलवीर शेखावत, बुहाना अध्यक्ष लालचंद यादव समेत अनेक पदाधिकारियों ने संबोधित कर किसानों से एकजुट होकर अपनी मांगों के लिए प्रयास करने का आह्वान किया। धरने के बाद प्रधानमंत्री व मुख्य मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपे गए। इसमें फसल का लागत के अनुसार मूल्य तय करने, सभी फसलों का लाभकारी समर्थन मूल्य घोषित करने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का समुचित लाभ किसानों को दिलाने, फसल बीमा प्रीमियम की राशि केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से बीमा कंपनियों को देने, किसानों को कर्ज मुक्त करने के लिए ठोस योजना लागू करने, खाद, बीज, कीट नियंत्रण उपकरणों समेत कृषि आदान की लागत नियंत्रित करना प्रमुख है।
झुंझुनूं. कलेक्ट्रेट पर धरना देते भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधि। इसके बाद ज्ञापन भी सौंपे।
इधर, एक से दस जून तक होने वाले किसान आंदोलन को प्राइवेट बस स्टैंड एसोसिएशन ने दिया समर्थन
आंदोलन को समर्थन देने की शपथ लेते किसान।
झुंझुनूं | फ्री बिजली, फसलों का लाभकारी मूल्य व बेसहारा पशुओं से निजात दिलवाने की मांग को लेकर एक से दस जून तक किए जाने वाले किसान आंदोलन को प्राइवेट बस एसोसिएशन संघ ने समर्थन दिया है। यूनियन के अध्यक्ष भोपाल सिंह ने बताया कि इस दौरान प्राइवेट बसों का संचालन नहीं होगा। किसान बचाओ देश बचाओ संघर्ष समिति की ओर से आंदोलन को लेकर जिले के किसानों से संपर्क किया जा रहा है। किसान नेता राजेंद्र फौजी ने बताया कि सोमवार को भूरासर का बास गांव में किसान कमेटी का गठन किया। कमेटी में सत्यवीर ढाका को अध्यक्ष बनाया गया। नेमीचंद मांजू, संजू फगेड़िया, वीरेंद्र ढाका, जय सिंह ढाका, शीश राम बिजारणिया, जयदेव सिंह मांजू, विकास, उप सरपंच रवि ढाका व राजेश चाहर को सदस्य नियुक्त किया गया। ग्रामीणाें ने आंदोलन को समर्थन देने की शपथ ली।