भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं
पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के जिला अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि राजस्थान में आगामी चुनाव प्रदेश की तकदीर तय करेंगे। हम कम से कम 150 सीटों पर चुनाव जीतेंगे। प्रदेश की जनता कांग्रेस की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। कर्नाटक में जो नाटक हुआ, उससे जनता भाजपा की सत्ता लोलुपता को समझ चुकी है। देश में अगले साल होने वाले आम चुनाव में भी कांग्रेस शानदार प्रदर्शन करने वाली है। केंद्र से पहले राजस्थान में होने वाला विधानसभा चुनाव एक तरह के ट्रेलर का काम करेगा। कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगी। डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोमवार को न्यू राजस्थान बालिका महाविद्यालय में यह बात कही। वे यहां राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाग लेने आए थे।
पूर्व मंत्री ने कहा कि कर्नाटक प्रकरण से देशभर में न्यायपालिका के प्रति लोगों की आस्था बढ़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिपहसालार अमित शाह ने कर्नाटक में लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश की, लेकिन सांच को आंच नहीं, आखिर बहुमत की ही जीत हुई। भाजपा को मुंह की खानी पड़ी। झुंझुनूं की जिले की राजनीति को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में डॉ. सिंह ने कहा कि झुंझुनूं कांग्रेस का गढ़ रहा है, शीशराम ओला, रामनारायण चौधरी जैसे दिग्गज नेताओं ने यहां कांग्रेस की जड़ें जमाई। बीच में भाजपा ने झूठ की सीढ़ी पर चढ़ कर सत्ता की मंजिल प्राप्त कर ली, लेकिन लोग जल्दी ही भाजपा से उकता गए, अब तो लोग चुनाव का इंतजार कर रहे हैं, आप सब देखना, कांग्रेस जिले की सभी सातों सीटों पर जीत हासिल करेगी। जिले में बृजेंद्र जी, श्रवण जी, राजकुमार जी, रीटा जी सहित सभी अनुभवी नेता एक सूत्र में बंध कर काम कर रहे हैं। मलसीसर में डेम टूटने तथा इसके कारण कुंभाराम जल परियोजना का काम प्रभावित होने के सवाल पर पूर्व जलदाय मंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि मैं स्वयं मलसीसर जाकर आया था, सरकार ने जांच का कहा था, लेकिन सवाल तो यह है कि किसी कंपनी की लापरवाही की सजा हमारे जिले की जनता क्यों भुगते। इस योजना में जो कुछ हुआ, वह अच्छा नहीं हुआ। सरकार को चाहिए कि वह डेम टूटने से प्रभावित लोगों को तत्काल मुआवजा दिलाए।
राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह ने यह बात कही
टिकट के सवाल पर बोले-एआईसीसी तय करेगी, मैं दमदार प्रत्याशियों की पैरवी करूंगा
टिकट किसे मिलेगा, इस सवाल के जवाब में डॉ. सिंह ने कहा, यह तो एआईसीसी तय करेेगी, हां, मैं यहां के दमदार, बेहतरीन प्रत्याशियों का नाम उनके सामने रखूंगा, उनकी पैरवी करूंगा। संगठन संबंधी एक सवाल के जवाब में डॉ. सिंह का कहना था, अभी तो मुझे जिला कांग्रेस की कार्यकारिणी बनानी है। इसमें सभी को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। अल्पसंख्यक समुदाय को भी पूरा प्रतिनिधित्व मिलेगा। हो सकता है कुछ लोगों को कहीं कुछ कमी लग रही हो, लेकिन मैं विश्वास दिलाता हूं, जिला कार्यकारिणी में सभी को बराबर मौका दिया जाएगा। आखिर फील्ड में काम करने वालों के बूते ही तो कांग्रेस मजबूत होती है। कार्यकर्ता ही नींव की ईंट है, सभी का सम्मान होगा।