पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Sikar
  • मलसीसर बांध टूटने के डेढ़ माह बाद भी पीड़ित परिवारों को नहीं मिली राहत, मुआवजे की सूची भी तैयार नहीं कर पाई कमेटी

मलसीसर बांध टूटने के डेढ़ माह बाद भी पीड़ित परिवारों को नहीं मिली राहत, मुआवजे की सूची भी तैयार नहीं कर पाई कमेटी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कुंभाराम लिफ्ट परियोजना के तहत मलसीसर में बना आरडब्ल्यूअार (डेम) टूटने के डेढ़ माह बाद भी पीड़ित परिवारों को राहत नहीं मिल पाई है। प्रभावित परिवार मुआवजे की मांग को लेकर उपखंड कार्यालय के सामने 16 दिन से धरना दे रहे हैं लेकिन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। मुआवजे को लेकर कमेटी बना कर ही समय पास किया जा रहा है।

पीड़ित परिवार अंतिम मुआवजा सूची सार्वजनिक करने, या फिर मुआवजे का भुगतान व्यक्तिगत रूप से चैक से करने की मांग पर अड़े हैं। इससे पहले 4 मार्च को भी एसडीएम अनिता धतरवाल व तहसीलदार हनुमान सिंह, पीएचईडी के एससी हरिसिंह लोढ़ा, डेम बनाने वाली कंपनी एनसीसी के गौरव सिंह ने प्रभावित परिवारों से चर्चा की थी। प्रशासन ने मकानों का सर्वे तो पीडब्ल्यूडी से करवाकर मुआवजे का आकलन कर लिया। लेकिन घर में खराब हुए अन्य सामान के नुकसान के आकलन का आधार तय करने व सर्वे के लिए कमेटी का गठन किया था। कमेटी में प्रधान गिरधारी लाल खींचड़, पूर्व सरपंच संतोष हाकिम, सरपंच प्रतिनिधि नदीम चौहान, बिसाऊ नायब तहसीलदार अमीलाल मीणा, कृषि विभाग से अरविंद सिहाग व पटवारी आरिफ को शामिल किया गया। प्रशासन घरों में सामान का आकलन पीडब्ल्यूडी द्वारा मकानों में हुए नुकसान का 20 प्रतिशत मानकर कर रहा है। लेकिन कुछ लोग ऐसे हैं जिनका मकानों में तो नुकसान है लेकिन घरेलू सामान का नुकसान नहीं है। वहीं सूची में कुछ लोग ऐसे हैं जिनका मकानों का नुकसान नहीं हुआ है लेकिन सामान का नुकसान लाखाें में है। कमेटी के सदस्य पूर्व सरपंच संतोष हाकिम व सरपंच प्रतिनिधि नदीम चौहान ने मंगलवार को धरना स्थल पर पीड़ित परिवारों से चर्चा कर समस्या बताई।

खबरें और भी हैं...