मलसीसर | कुंभाराम लिफ्ट परियोजना के तहत मलसीसर में बने आरडब्ल्यूअार (डेम) के टूटने के डेढ माह बीत जाने के बाद पीड़ित परिवारों को राहत मिलने की संभावना बन रही है। प्रभावित परिवार मुआवजे की मांग को लेकर उपखंड कार्यालय के सामने पिछले 18 दिन से धरने पर बैठे है। गुरुवार को मुआवजे के आकलन के लिए बनी कमेटी ने पीडब्ल्यूडी की ओर से मकानों में हुए नुकसान का आकलन कर मुआवजे की जो लिस्ट बनाई थी, उसे आधार मानते हुए कमेटी ने घरों में जो नुकसान हुआ था उसका आकलन कर पूरी लिस्ट तैयार कर ली। कमेटी ने धरने पर बैठे पीड़ित परिवारों के साथ भी वार्ता की। केवल चार-पांच परिवार ही मुआवजे से संतुष्ट नजर नहीं आ रहे थे। कमेटी ने उनके नुकसान का आकलन फिर से करवाया है। संभवतया शुक्रवार तक मुअावजे की फाइनल लिस्ट बनने के बाद पीड़ित परिवार धरना उठा सकते हैं।