पूर्व अकाली सरकार के समय ममदोट की गलियों में लगाई इंटरलॉकिंग टाइटल्स अब उखड़नी शुरू हो गई हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई व्यवस्था पर वाह वाही लूटने वाली नगर पंचायत ममदोट इस सबसे बेखबर है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व अकाली सरकार के समय कुछ वार्डों की गलियों में इंटरलॉकिंग टाइल लगाने का काम हुआ था। ममदोट के गुरुद्वारा नानक निवास के बिल्कुल सामने जाने वाली गली भी इस योजना में बनाई गई थी परंतु अब गुरुद्वारा नानक निवास के सामने इस गली में लगी टाइल्स उखड़नी शुरू हो गई है। ये टाइल्स उखड़ जाने के कारण साथ गंदी नाली भी टूटनी शुरू हो गई है। गुरुदवारा साहिब के सामने इस गली से टूटने के कारण नतमस्तक होने के लिए आने वाले श्रद्धालु भी काफी परेशान हैं। हैरानीजनक तो ये है कि हर रोज गलियों की सफाई करने वाले कर्मचारी भी गलियों की सफाई करते है परन्तु वो इस गली व नाली के टूटने के बारे में कार्यालय में नहीं बताते। नगर के बाशिंदों ने नगर पंचायत के अधिकारियों से इस टूटी हुई गली व नाली को जल्द बनवाने की मांग की है। ममदोट के ईओ नरेंद्र कुमार ने कहा कि गली की मरम्मत जल्द करवा दी जाएगी। (राजेश धवन)
गुरुद्वारा नानक निवास के सामने टूटी हुई गली से उखड़ी हुई टाइल्स।