मनाली में हाइड्राॅलिक पार्किंग की संभावनाएं तलाश रही सरकार
मनाली| वन, परिवहन, युवा सेवाएं व खेल मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर ने कहा है कि मनाली में पार्किंग की समस्या गंभीर हो गई है। पार्किंग समस्या को दूर करने के लिए सरकार मनाली में हाइड्राॅलिक पार्किंग की संभावनाएं तलाश रही है। इसके लिए शीघ्र ही बजट का प्रावधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मनाली में इसी माह के अंत तक सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस जागरूकता शिविर में बस व टैक्सी चालकों, महिला मंडल व युवक मंडलों के कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान लोगों को मोटर वाहन अधिनियम और अन्य यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। स्कूलों में सड़क सुरक्षा पर चित्रकला व नारा लेखन प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए न्यू बस स्टैंड मनाली में इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग के लिए लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से दो बड़े ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। गोबिंद ठाकुर मनाली में पर्यटन सीजन की तैयारियों को लेकर उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए बोल रहे थे।