बिलासपुर में पर्यावरण दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक में भाग लेते डीसी व अन्य अधिकारी।
स्वच्छता में सभी की सहभागिता जरूरीः तनवर
मनाल| नगर परिषद मनाली की अध्यक्ष शबनम तनवर ने कहा कि नगर परिषद मनाली शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने को बेहतर प्रयास कर रही है लेकिन शहर की स्वच्छता में सभी की सहभागिता जरूरी है। मनाली स्वच्छ व सुंदर शहर होगा तभी पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। शबनम माता हिडिंबा के जन्मोत्सव पर मनाए जा रहे ढुंगरी मेले के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थी। उन्होंने ढुंगरी मेले के बधाई देते हुए कहा कि मेले हमारी संस्कृति के प्रतीक है इसलिए इनका संवर्धन व संरक्षण जरुरी है। शबनम ने कहा कि माता हिडिंबा परिसर को साफ रखना हम सभी का कर्तव्य है। परिसर को स्वच्छ रखने के लिए नप मनाली कूड़ादान भी स्थापित कर रही है। लोगों से आग्रह है कि वे घरों का कूडा कूड़ेदान में न डालकर डोर टू डोर अभियान के तहत घर आने वाले कर्मी के पास ही कूड़ा दें। तनवर ने मेला कमेटी द्वारा आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। तनवर ने कहा कि युवा नशे से दूरी बनाए रखें और पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी बढ़ चढ़कर भाग लें। तनवर ने कहा कि जो मांगें मेला कमेटी ने उनके समक्ष रखी है उन्हें शीघ्र पूरा किया जाएगा। नगर परिषद के उप प्रधान जोगिंद्र पाल ने भी मेला कमेटी को नप की ओर से हर संभव सहयोग देने की बात कही। इस मेले को ग्राम पंचायत मनाली के साथ मिलकर नप मनाली बेहतर ढंग से मनाएगी। पार्षद सुनीता शर्मा, नीना ठाकुर, अनिता सूद व पूर्व पार्षद प्रेम चंद प्रेमी ने भी ग्रामीणों को मेले की बधाई दी। इससे पहले मेला कमेटी अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत मनाली गांव की प्रधान मोनिका भारती ने मुख्य अतिथि का पारंपरिक स्वागत किया। भारती ने कहा कि मेला कमेटी मेले के सफल आयोजन में हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि आज की सांस्कृतिक संध्या भी आयोजित की जाएगी। इस दौरान ग्राम पंचायत उप प्रधान नील चंद ठाकुर, वार्ड पंच राम लाल, हुक्म राम, भाग चंद, सीता देवी, सुनीता देवी, उमा देवी और देवकी देवी उपस्थित रहे।