मनासा-बावड़ा सड़क ग्यारंटी पीरियड में उखड़ी, दरारें भी आई
नगर के बायपास से बावड़ा को जोड़ने वाली 6.75 किमी सड़क ग्यारंटी पीरियड में ही जगह-जगह से उखड़ने के साथ दरारें आने लगी है। इससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। करीब 25 लाख रुपए की लागत से वर्ष 2014 में सड़क तैयार हुई थी। संबंधित ठेकेदार को पांच वर्ष तक इसका मेंटेनेंस करना है। लेकिन चार वर्ष में ही सड़क उखड़ने लगी है।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के बनी इस सड़क के जर्जर होने पर विभाग के अधिकारी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई कर मरम्मत करवाने का आश्वासन दे रहे हैं। गांव के मंगल गोस्वामी ने बताया बावड़ा से एक किमी दूर अक्खीपुर वाली सड़क पर जगह-जगह दरारें आ गई है। कम डामर बिछाने के कारण ट्रांसफॉर्मर के पास सड़क उखड़ गई तो कहीं पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। सरपंच विष्णुप्रसाद पाटीदार ने बताया पंचायत भवन से मिडिल स्कूल तक सीमेंट-कांक्रीट सड़क पर दरारें आ गई है। कई जगह गिट्टी निकलने से गड्ढे हो गए हैं। मप्र ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकार परियोजना के जीएम वायके जोशी का कहना है सड़क उखड़ने की शिकायत मिल रही है। ठेकेदार पर कार्रवाई कर सड़क की मरम्मत करवाएंगे ताकि ग्रामीणों को आवाजाही में समस्या न हो।
मनासा-बावड़ा मार्ग पर ग्यारंटी पीरियड में इस तरह हो गए गड्ढे।