तहसील मुख्यालय पर कृषि उपज मंडी परिसर में समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र बनाया। जो शुरू से ही अव्यवस्थाओंं का शिकार है। गुरुवार रात को अल्हेड़ सोसायटी केंद्र पर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे केंद्र में रखे 6500 बारदान तथा उपज भरे कट्टे जल गए। सूचना पर दमकल ने पहुंचकर आग बुझाई। कलेक्टर ने जांच के लिए जिला अधिकारियों की टीम बनाकर भेजी है।
मंडी के समर्थन मूल्य केंद्र पर पंजीकृत किसानों से चना, मसूर, सरसो व लहसुन की खरीदी उपज 202 कट्टों में भरकर गोडाउन पर पहुंचाना थी। इसमें 62 कट्टे चना, 92 कट्टे सरसों तथा 48 कट्टे मसूर की उपज थी। शुक्रवार रात को अचानक केंद्र पर शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे बारदान में आग लग गई। उपज भरे कट्टे भी चपेट में आ गए। चौकीदार की सूचना पर नपा की दमकल पहुंची जिसने आग पर काबू पाया। इससे केंद्र पर रखी उपज भीग गई। केंद्र पर शुक्रवार को खरीदी प्रभावित न हो इसके लिए तत्काल 3500 नए बारदान की व्यवस्था की गई। सोसायटी के केंद्र पर 4 हजार क्विंटल उपज परिवहन के लिए रखी हुई है। सहायक प्रबंधक मनोज नागदा ने बताया तौल कांटों और स्ट्रीट लाइट की केबल में शॉर्ट सर्किट से लगी थी। इससे कुछ आंशिक नुकसान हो गया। जिला आपूर्ति अधिकारी आरसी जांगड़े ने कहा सीसीटीवी फुटेज देखे हैं। इसमें किसी तरह की साजिश नजर नहीं आ रही है।
मनासा समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र पर जली उपज देखते अधिकारी व किसान।
किसानों व कांग्रेस नेता पहुंचे एसडीएम के पास
मंडी में खरीदी केंद्र पर अव्यवस्थाओ को लेकर किसान व कांग्रेस नेता ने एसडीएम व तहसीलदार के सामने नाराजगी जताई। पूर्व विधायक विजेंद्र सिंह मालाहेड़ा, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरेश धनगर ने कहा केंद्र पर उपज का तौल समय पर नहीं हो रहा। पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं है। किसानों को धूप में खड़े रहकर उपज बेचना पड़ रही है। एसडीएम ने समस्या निवारण के आश्वासन दिया।