भास्कर संवाददाता | नीमच/मनासा
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश की बागडोर सौंपी है, मैं कांग्रेस का सिपाही हूं। प्रदेश में मेरा कोई आदमी नहीं है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जनता और कार्यकर्ता की पसंद के उम्मीदवार को टिकट देगी। जो जनता में लोकप्रिय होगा वही प्रत्याशी होगा। सीएम पद का फैसला संगठन करेगा।
यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भास्कर से चर्चा में कहीं। उन्होंने कहा पार्टी प्रदेश में अलग-अलग स्तर पर सर्वे करा रही है। इसमें जो सबकी पसंद बनकर सामने आएगा उसे उम्मीदवार बनाया जाएगा। हमारी लड़ाई प्रदेश में व्यवस्था और नीति-नियम बदलने की है। चुनाव कांग्रेस या अन्य किसी राजनीतिक दल के भविष्य का नहीं, प्रदेश के भविष्य का है। आज हर वर्ग परेशान है। सीएम शिवराजसिंह चौहान घोषणाएं करने में लगे हैं। जनता को घोषणाएं नहीं हिसाब चाहिए। भाजपा सरकार से प्रदेश हिसाब मांग रहा है लेकिन सरकार जनता को बरगला रही है। मंडियों में किसानों को उपज के दाम नहीं मिल रहे हैं, प्याज-लहसुन के दाम जमीन पर आ गए। समर्थन मूल्य व भावांतर की राशि किसानों के खातों में नहीं आ रही। कागजी आंकड़ों में लाखों रुपए का फसल बीमा बांटना बता रहे हैं। बीमा कंपनी को 15 साल में अरबों रुपए का फायदा पहुंचाया। देश में प्रदेश किसानों की आत्महत्या के मामले में अव्वल है। कांग्रेस शिवराजसिंह सरकार से किसानों की मौत का हिसाब मांग रही है और सरकार किसानों की आवाज दबाने में लगी है। कांग्रेस किसानों की आवाज बनेगी।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ।
बैरागी दादा के सान्निध्य में लड़ना था विधानसभा चुनाव, कई सभाओं की थी योजना
कमलनाथ पूर्व सांसद बैरागी के घर पहुंचे। जहां सुनीलनंदन बैरागी और गोर्की बैरागी से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा बैरागी दादा के सान्निध्य में विधानसभा चुनाव लड़ना था, मैंने उनसे कई सभा करने की योजना भी बनाई थी लेकिन ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था। उन्होंने गोर्की बैरागी को सक्रिय राजनीति में आने का कहा। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी साथ थे।
तेरा-मेरा नहीं, जीतने वालों को टिकट देंगे
पड़दा रोड पर रिसोर्ट में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा 6 महीने ईमानदारी से काम करें। टिकट के लिए तेरा-मेरा नहीं चलेगा जो जीतेगा उसे उम्मीदवार बनाएंगे। कार्यकर्ता भूख प्यास भूलकर संगठन के काम में जुट जाए। भाजपा को जवाब उसकी भाषा में ही देना होगा। पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, पूर्व मंत्री नाहटा, विधायक हरदीप सिंह डंग, पूर्व विधायक मालाहेड़ा, वरिष्ठ नेता अहीर, कार्यक्रम आयोजक मंगेश संघई, जिलाध्यक्ष नंदकिशोर पटेल मौजूद थे।
प्रदेशाध्यक्ष नाथ को अपनी गाड़ी में बैठाने के लिए नाहटा और अहीर में लगी रही होड़
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ रविवार को मनासा आए। हेलीपेड पर उन्हें बैठाने के लिए पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा और जावद के कांग्रेस नेता राजकुमार अहीर ने अपने-अपने वाहन लगा दिए। दोनों नाथ को अपने वाहन में बैठाने के लिए प्रयासरत रहे। हालांकि पुलिस ने नाथ को प्रशासन से अनुमति प्राप्त अहीर के वाहन में ही बैठाया। इसके बाद वे शोक संवेदना व्यक्त करने पूर्व सांसद बालकवि बैरागी के घर पहुंचे। पीडब्ल्यूडी ने शासकीय कॉलेज के पीछे मैदान में हेलीपेड बनाया था। दाेपहर करीब ढाई बजे कमलनाथ का हेलिकॉप्टर हेलीपेड पर उतरा। उससे उतरते ही कार्यकर्ता व लोगों ने चारों तरफ से कमलनाथ को घेर लिया। जमकर धक्का-मुक्का हुई। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवान ने जैसे-तैसे घेरा बनाकर नाथ को बाहर निकाला। हेलीपेड पर पूर्व मंत्री नाहटा ने गाड़ी भी थी। जबकि एसपी से अहीर के वाहन को परमिशन दी थी। पुलिस ने प्रदेशाध्यक्ष को उनके वाहन में ही बैठाया।