जलीनेर स्थित जमीन पर बैठक करते बंजारा समाजजन।
भास्कर संवाददाता | मनासा
सांडिया पंचायत की कुंडखेड़ा स्थित चरनोई भूमि प्रधानमंत्री आवास योजना के 300 हितग्राहियों को आवंटित करने के मामले में बंजारा समाज और नगर परिषद आमने-सामने हो गए है। जमीन पर हक जताते हुए समाजजन ने रविवार को सामुदायिक भवन व आराध्यदेव का मंदिर बनाने बनाने का निर्णय लिया। इसके लिए सहयोग राशि भी एकत्रित की।
सरपंच बाबूलाल चंदेल ने नपाध्यक्ष यशवंत सोनी पर कॉलोनाइजर से सांठगांठ का आरोप लगाते हुए पंचायत की अनुमति के बिना जमीन आवंटन को अनुचित बताया तथा भूमि बंजारा समाज को देने की मांग की। आर सागर कछावा ने कहा आवास योजना में जमीन दी जाना है तो समाज के लोगों को ही दी जाए। सीएमओ अमरसिंह खींची ने बताया 307 हितग्राहियों के लिए प्रशासन से जमीन की मांग की थी। इस पर कलेक्टर ने उक्त जमीन आवंटित की। इस पर लेआउट कर प्लाॅट आवंटन शुरू करवा दिया है। 3 करोड़ की राशि हितग्राहियों के खाते में जमा करवा दी है। उधर नपाध्यक्ष सोनी ने सांडिया सरपंच के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा प्रशासन ने जमीन आवंटित की है और निर्माण हितग्राही को करना है। हम प्लाट आवंटित कर वहां गार्डन और सड़क का लेआउट करवा रहे हैं।