भास्कर संवाददाता | मनासा/कंजार्डा
कंजार्डा पठार क्षेत्र में स्थित चंबलेश्वर बांध की ऊंचाई बढ़ाने के कार्य का भूमि पूजन रविवार को प्रभारी मंत्री अर्चना चिटनीस ने किया। समारोह में प्रभारी मंत्री ने कहा बांध की बांध की ऊंचाई बढ़ने से लोगों को पर्याप्त पानी मिलेगा तथा सिंचाई साथ जलस्तर में भी वृद्धि होगी। पठार क्षेत्र के लोगों ने ज्ञापन सौंपकर कहा- बांध होने के बावजूद पठार क्षेत्र के आठ गांव प्यासे क्यों है। हमें इसका पानी क्यों नहीं मिलता। प्रभारी मंत्री ने कहा इसका प्रस्ताव बनाकर कैबिनेट में रखा जाएगा तथा आठों गांव के लोगों को भी पानी उपलब्ध करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा साढ़े 14 वर्षों में काफी विकास कार्य हुए है। इसलिए गांव-गांव में विकास यात्रा निकाली जा रही है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के क्रियान्वयन में मप्र देश में सबसे अव्वल है। कंजार्डा-कुंडलिया खुर्द सड़क डामरीकरण एवं धाकडख़ेड़ी में मुख्यमंत्री पेयजल योजना का भूमिपूजन किया। चंबलेश्वर बांध पेयजल योजना में चौकड़ी व धाकडख़ेड़ी पंचायत के गांवों को शामिल किया जाएगा। बारिश से पहले मनासा, कंजार्डा सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के दूसरे चरण में बनवाई जाएगी। प्रभारी मंत्री ने महिलाओं से घर के आसपास फलदार पौधे लगाने का आह्वान किया। विधायक कैलाश चावला ने कहा बंजारी-करंदी 7 किमी सीमेंट कांक्रीट सड़क बारिश से पहले तैयार हो जाएगी। बरखेड़ा-जावदा निमड़ी, निमड़ी से राजस्थान को जोड़ने वाली सड़क की भी स्वीकृति के प्रयास किए जा रहे है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, जिपं अध्यक्ष अवंतिका जाट, उपाध्यक्ष बद्रीलाल पटेल, मंडी अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर, मार्केटिंग अध्यक्ष बंशीलाल राठौर, जनपद अध्यक्ष गंगाराम कछावा, हेमंत हरित, वीरम धनगर, अजय तिवारी, राजेश लड़ा उपस्थित थे।
कंजार्डा पठान क्षेत्र में समारोह को संबोधित करतीं प्रभारी मंत्री अर्चना चिटनीस।
चंबलेश्वर बांध की ऊंचाई एक फीट बढ़ने से 27 गांव के लोगों को मिल सकेगा पानी
नीमच चंबलेश्वर बांध में अब पानी अधिक मात्रा में सहेज सकेगा। बांध की ऊंचाई एक फीट बढ़ाई जाएगी। रविवार को प्रभारी मंत्री अर्चना चिटनीस ने इस कार्य का भूमिपूजन किया। करीब 398.82 लाख रुपए की लागत से काम पूरा होने पर मनासा और डीकेन के साथ नीमच-मनासा तहसील के 27 गांवों को बांध से पानी सप्लाई किया जा सकेगा। बांध के वेस्ट वियर की 1.18 फीट ऊंचाई और 55 मीटर लंबाई बढ़ाई जाएगी। जल संसाधन विभाग द्वारा वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। संबंधित निर्माण कंपनी को छह महीने में बांध की ऊंचाई बढ़ाने का काम पूरा करना है। बांध के वेस्ट वियर की ऊंचाई बढ़ाने से समीपवर्ती गांव पलासिया प्रभावित नहीं हो इसके लिए वेस्ट वियर की लंबाई भी 55 मीटर बढ़ाकर 190 मीटर की जाएगी। इससे बांध की भराव क्षमता 13.10 से मिलियन घन मीटर बढ़कर 14.20 हो जाएगी। 215 हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र में सिंचाई हो सकेगी। वर्तमान में 1352 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी मिलता है। बांध पेयजल योजना के तहत जल निगम इंदौर द्वारा 27 गांवों में पाइप लाइन के माध्यम से पानी पहुंचाने का काम पूरा हो गया है और भादवामाता तक बांध का पानी जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ने कमला के घर चाय बनाकर पिलाई
नीमच:मनासा . विकास यात्रा के दौरान प्रभारी मंत्री चिटनीस ने रावतपुरा में हितग्राही पन्नालाल-बापूलाल कीर, कमला बाई प्रभुलाल सुथार के घर जाकर प्रधानमंत्री आवास का लोकार्पण कर गृह प्रवेश कराया। प्रभारी मंत्री ने कमलाबाई के घर गैस चूल्हे पर चाय बनाई और उपस्थित जनप्रतिनिधियों को पिलाई। भेरूलाल कीर, रामनिवास, मथुरालाल, राजमल, प्रभुलाल, गुलाबबाई एवं भेरूलाल भील सहित 17 हितग्राहियों को पीएम आवास योजना के नवनिर्मित भवन की चाबी सौंपी।