पिकअप से 8 क्विंटल डोडाचूरा बरामद, मालिक मौके से फरार
मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एसपी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने गुरुवार रात को पिकअप से आठ क्विंटल 39 किलो डोडाचूरा बरामद किया। मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
एसडीओपी रवींद्र बोयट ने बताया मुखबिर की सूचना पर मनासा व कंजार्डा चौकी पुलिस ने संयुक्त रूप से रात में विशेष चैकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पिकअप (एमपी-44 जीए 1571) पहुंची। इसमें बैठे व्यक्ति से पूछताछ कर वाहन की तलाशी ली तो उसमें 55 बोरों में 8 क्विंटल 39 किलो डोडाचूरा मिला। इसी दौरान वाहन का मालिक पुलिस जवानों को चकमा देकर फरार हो गया। मौके से वाहन चालक दिलीप पिता शांतिलाल (26) को गिरफ्तार किया। उसने प्रारंभिक पूछताछ में बरामद डोडाचूरा राजस्थान के लीमड़ी ले जाना स्वीकारा है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपी झोपडिय़ा निवासी रमेश पिता भेरूलाल मीणा की तलाश शुरू कर दी है। गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है।
5 क्विंटल डोडाचूरा के साथ दो युवक गिरफ्तार
नीमच |जीरन पुलिस ने हर्कियाखाल फंटे पर पिकअप वाहन से 5 क्विंटल डोडाचूरा बरामद कर राजस्थान के दो युवकों को गिरफ्तार किया। टीआई आरसी दांगी ने बताया मुखबिर की सूचना पर हर्कियाखाल फंटे पर नाकाबंदी कर चैकिंग शुरू की। इस दौरान पिकअप (आरजे 27 जीबी 5470) को रोककर तलाशी ली तो उसमें बोरों में भरा पांच क्विंटल डोडाचूरा मिला। मौके से वागाराम पिता माफाराम माली (25) निवासी टांपी जिला जालौर और सुरेंद्र पिता किशन रावल (22) निवासी शेरगढ़ जोधपुर को गिरफ्तार किया।