पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • ‘आप’ ने मंदसौर से बढ़ाया कदम, अपनी जमीन के लिए प्रदेश नापेंगे

‘आप’ ने मंदसौर से बढ़ाया कदम, अपनी जमीन के लिए प्रदेश नापेंगे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | मंदसौर/पिपलियामंडी

पिपलियामंडी का गांधीचौक। समय दोपहर 3 बजे। आम आदमी पार्टी के सभास्थल पर कार्यकर्ता मौजूद थे और स्थानीय नेता संबोधित कर रहे थे। 2 घंटे यह सिलसिला चला। शाम 5 बजे राष्ट्रीय नेता व राज्यसभा सदस्य संजयसिंह वाहनों के काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे। बस यहीं से कार्यक्रम को गति मिली और एक-एक कर नेता भाजपा तो कभी कांग्रेस को कोसते दिखे। सभा 2 घंटे चली। इस दाैरान ‘आप’ की किसान बचाओ-बदलाव लाओ’ यात्रा का शुभारंभ हुआ जो अब प्रदेशभर में जाएगी। यात्रा का समापन 12 अप्रैल को भोपाल में होगा। सभास्थल पर राज्यसभा सदस्य सिंह ने कहा 2018 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी संयोजक आलोक अग्रवाल के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। सिंह ने 27 सालों से नर्मदा बचाओ आंदोलन में सक्रिय आलोक को सीएम शिवराजसिंह चौहान, कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया-दिग्विजयसिंह से बेहतर नेता भी बताया।

संजयसिंह ने सभा में कहा कि देश और मध्यप्रदेश की राजनीति का यह दुर्भाग्य है कि हम 70 सालों से ठगाते आए हैं। अगले चुनाव में ‘आप’ बेहतर विकल्प है। किसान टमाटर, लहसुन ना फेंकें, अबकी बार सरकार को ही उखाड़ फेंक दो। उन्होंने कहा प्रदेश में सरकार नफरत की राजनीति कर रही है। हिंदुस्तान इन दिनों बाबाओं से परेशान है। उदाहरण देकर उन्होंने कहा गुजरात में आसाराम, हरियाणा में रामरहीम, यूपी में खुद सीएम योगी और रही कसर एमपी में शिवराज ने दबाव में आकर कई बाबाओं को मंत्री बना डाला। इनमें कम्प्यूटर बाबा, प्रिंटर बाबा, गोल्डन बाबा, दद्दू बाबा, भय्यू बाबा जैसे नाम शामिल हैं। भाजपा अब भारतीय बाबा पार्टी हो गई है और इसके संन्यास का वक्त आ गया है, जनता अब झाडू को काम दे। सिंह ने कहा देश की राजनीति को चंद परिवार चला रहे हैं, अच्छे लोगों को ‘आप’ आगे लाएगी।

बीजेपी के अंदरूनी सर्वे ने शिवराज को हिलाया, अब किसान की याद आई - अग्रवाल
प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने कहा कि बीजेपी के अंदरूनी सर्वे ने शिवराज को हिलाकर रख दिया है। इसी कारण अब किसान की याद आई है। प्रदेश में रोज 5 किसान आत्महत्याएं कर रहे, पिपलिया में किसानों को गोलियों से मार दिया। कांग्रेस किसान स्वाभिमान यात्रा निकल रही जबकि 2006 में स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट आ चुकी थी, 2014 तक उसे लागू नहीं किया और किसानों के हितों के दावे हो रहे हैं। दोेनों पार्टियां मुंह में राम बगल में छुरी कहावत पर चलती हैं। चुनाव बाद सीएम व मंत्रियों को नर्मदा किनारे ही बैठना पड़ेगा। सभा में जिला संयोजक गंगाराम पाटीदार, इंदौर जोन प्रभारी युवराजसिंह, संभाग संयोजक इंद्रवीरसिंह, लोकसभा प्रभारी नवीन अग्रवाल, विजया देवड़ा, लक्ष्मी चौहान, रमेश गुर्जर मनासा भी मौजूद रहे। वाहनाें की कतार में ट्रैफिक जाम हाेने पर चाैकी प्रभारी दिलीप राजाेरिया समेत दल सदस्याें काे कुछ देर मशक्कत करना पड़ी।

सभा में प्रदेश के कई हिस्सों से आए ‘आप’ पदाधिकारी व समर्थक। इनसेट- संबोधित करते ‘आप’ के राष्ट्रीय नेता व राज्यसभा सदस्य संजयसिंह।

खबरें और भी हैं...