पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मनावर : 4 वर्षीय मासूम से ज्यादती व हत्या करने वाले को फांसी की सजा

मनावर : 4 वर्षीय मासूम से ज्यादती व हत्या करने वाले को फांसी की सजा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चार साल की मासूम बच्ची से ज्यादती के बाद हत्या करने वाले 19 साल के आरोपी करण उर्फ फतिया पिता भारत को कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। देश में संभवतः पहली बार एक ही शहर में एक ही कोर्ट ने दूसरी बार दुष्कर्म के आरोपी को फांसी की सजा सुनाई गई है। इससे पहले 2012 में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में यह कोर्ट आरोपी को फांसी की सजा सुना चुकी है। जबकि मप्र में फांसी की सजा देने का यह दूसरा बड़ा फैसला है।

गुरुवार को धार जिले की मनावर तहसील की एडिश्नल सेशन कोर्ट ने 153 दिन में 20 गवाहों और डीएनए एक्सपर्ट के बयान के आधार पर 50 पेज का फैसला सुनाया। मनावर के एडिश्नल सेशन जज अकबर शेख ने मामले को रेयरेस्ट ऑफ रेयर मानते हुए फैसले में लिखा,‘बेटियां खुदा की रहमत हैं और उन्हें क्षत-विक्षत लाश के रूप में बदलने वाला अपराधी उदारता के लायक नहीं। सामाजिक दृष्टि से व कानूनी दृष्टि से आरोपी द्वारा किया गया कृत्य क्षम्य नहीं है। अपराध की गंभीरता को देखते हुए मृत्युदंड दिए जाने से ही न्याय की पूर्ति संभव है।’ मामले की कार्रवाई 15 कार्य दिवस में पूरी हुई। घटना के 19 दिन बाद पुलिस ने कोर्ट में चालान पेश कर दिया था। लोक अभियोजक शरद कुमार पुरोहित के मुताबिक कोर्ट ने आरोपी को जब फैसला पढ़कर सुनाया, उसने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की।



आरोपी को 11 बजे पेश किया गया था। 2.30 बजे कोर्ट ने फैसला सुनाया।

‘बेटियां खुदा की रहमत हैं, उन्हें क्षत-विक्षत शव के रूप में बदलने वाला अपराधी उदारता के लायक नहीं ’-जज ने फैसले में लिखा

आरोपी करण

बड़ी बहन के साथ सेंव-परमल खा रही थी, तब उठा ले गया था आरोपी

घटना 15 दिसंबर 2017 की है। मनावर के जगन्नाथपुरा मोहल्ले में बच्ची और उसकी बड़ी बहन कचौरी व सेंव-परमल खा रही थी। इसी दौरान मोहल्ले में साइकिल चला रहा आरोपी करण उसे उठाकर 400 मीटर दूर एक गड्ढे में ले गया। वहां पहले उसने ज्यादती की, फिर नाम बता देने के डर से सिर पर पत्थर पटककर बालिका की हत्या कर दी। देर शाम तक जब बच्ची कहीं नजर नहीं आई तो मां ने उसे तलाशना शुरू किया। 16 दिसंबर की सुबह जब कुछ महिलाएं नदी पर गईं तो बच्ची का शव किनारे पर पड़ा नजर आया। इसके बाद परिजन व पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आसपास खोजबीन की तो 100 मीटर दूर झाड़ियों के बीच उसके कपड़े व खून से सना पत्थर मिला। नदी किनारे मिली चप्पल के आधार पर पुलिस ने आरोपी करण की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।

खबरें और भी हैं...