- Hindi News
- National
- सिंगोली में क्षत्रिय समाज का 9वां सामूहिक विवाह सम्मेलन होगा आज, 59 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे
सिंगोली में क्षत्रिय समाज का 9वां सामूहिक विवाह सम्मेलन होगा आज, 59 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे
भास्कर संवाददाता | सिंगोली चारभुजा
अक्षय तृतीया पर 18 अप्रैल को क्षत्रिय समाज का 9वां सामूहिक विवाह सम्मेलन सिंगोली में होगा। इसमें 59 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। अब तक आयोजित 8 सामूहिक विवाह सम्मेलन में 832 युगल परिणय सूत्र में बंध चुके हैं।
मेवाड़ क्षत्रिय महासभा जिला शाखा व क्षत्रिय सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति सिंगोली के संयुक्त तत्वावधान में क्षत्रिय समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन होगा। मंगलवार को विवाह सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने मेवाड़ क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक प्रदीप कुमार सिंह पहुंचे। सिंह ने बताया कि वर्ष 2010 से लगातार हो रहे सामूहिक विवाह सम्मेलन में अब तक हुए 8 सम्मेलनों में 832 युगल परिणय सूत्र में बंध चुके हैं। पिछले वर्ष विवाह सम्मेलन के मुख्य अतिथि अलवर के महाराजा व पूर्व सांसद भंवर जितेंद्र सिंह ने प्रेरणा लेकर अपनी दोनों बेटियों की शादी सामूहिक विवाह सम्मेलन में करने की घोषणा की थी। इस वर्ष 53 जोड़ों ने 1 अप्रैल तक सभी दस्तावेज पूर्ण कर जमा करवा दिए थे। उनको महिला व बाल विकास विभाग द्वारा वधु को पांच हजार का चेक व दस हजार रुपए की एफडीआर की रसीद के साथ पंचायत द्वारा जारी विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र आशीर्वाद समारोह में दिया जाएगा। सम्मेलन समिति संयोजक कुलदीप सिंह श्यामपुरा ने बताया कि सम्मेलन में आवास, भोजन, पेयजल, पांडाल, सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। 18 अप्रैल को सुबह 6 बजे वर-वधू पक्ष सिंगोली पहुंचेंगे। सुबह 9:15 बजे तोरण की रस्म होगी। सुबह 10 बजे पाणिग्रहण संस्कार शुरू होगा। दोपहर एक बजे आशीर्वाद समारोह होगा। शाम 4 बजे विदाई होगी। पंडित डॉ. बद्रीनारायण पंचोली के मार्गदर्शन में पाणिग्रहण संस्कार के सभी अनुष्ठान होंगे। सम्मेलन की सफलता के लिए भंवर सिंह नाहरगढ़, भारत सिंह सिंगोली, रणजीत सिंह सिंगोली, गोवर्धन सिंह काछोला, संपत सिंह काछोला, शंकर सिंह सिंगोली, कोषाध्यक्ष गिरधर गोपाल सिंह गेणोली, महामंत्री दिनेश सिंह लाडपुरा, नरेंद्र सिंह सिंगोली, देबीसिंह केकड़िया, राजभगत सिंह मांडलगढ़, सुरेंद्र सिंह देवपुरा, पृथ्वीपाल सिंह सिंगोली, कर्मवीर सिंह, धर्मवीर सिंह सिंगोली जुटे हैं।
विवाह सम्मेलन अब तक 832 युगल परिणय सूत्र में बंध चुके हैं
मीणा समाज के 55 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे आज
सिंगोली चारभुजा. विवाह सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेते पूर्व विधायक सिंह।
मांडलगढ़ | अक्षय तृतीया पर मीणा समाज का 14वां सामूहिक विवाह सम्मेलन सीता कुंड में होगा। सामूहिक विवाह सम्मेलन में 55 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। मुख्य अतिथि उदयपुर सांसद अर्जुन लाल मीणा होंगे। अध्यक्षता उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा करेंगे। विशिष्ट अतिथि शिवजीराम मीणा पूर्व कस्टम कमिश्नर होंगे। विवाह सम्मेलन के व्यवस्थापक कैलाश सिंह परिहार ने बताया कि खेराड़ क्षेत्र का मीणा समाज में सबसे बड़ा सामूहिक विवाह सम्मेलन है।