हुरड़ा | खारी का लांबा में बनी बावणी की तर्ज पर पंजाब के होशियारपुर में भी बावणी बनवाई जाएगी। दो साल के दौरान बावणी के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्वार के जो काम दो साल के दौरान हुए वे पंजाब से आए पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को पसंद आए। उन्होंने काम की तारीफ की।
लांबा पंचायत में मनरेगा मद से बने धर्मी तालाब एवं जल स्वावलंबन योजना में ऐतिहासिक बावड़ी के जीर्णोद्धार को देखने के लिए पंजाब से पांच सदस्यीय दल शनिवार को आया। दल में कपूरथला के डिप्टी कमिश्नर एएस भुल्लर, कार्यकारी इंजीनियर पंचायतीराज कपूरथला संदीप श्रीधर, होशियारपुर जिला परिषद के सीईओ बुद्धिराजसिंह, फिल्लुर के एसडीएम तारसेम व मलारकोटला के बीडीओ मोहिंदरजीत सिंह शामिल थे। टीम का गांव में सरपंच कुलदीप परिहार के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इसके बाद पंचायत क्षेत्र में कराए विकास कार्यों को देखा। बावड़ी के शिल्प की प्रशंसा की। बताया कि ऐसी ही बावड़ी का निर्माण पंजाब में भी कराया जाएगा। टीम के साथ स्थानीय उप सरपंच कृष्णासिंह राठौड़, सचिव हेमराज गुर्जर, मनरेगा सचिव रेखा वैष्णव, वार्ड पंच जगदीश रावल, उम्मेंद लोहार, महेश ओझा पंचायत समिति के अकाउंटेंट राजेंद्र सोमानी आदि थे।
दो साल के दौरान कराए जीर्णोद्धार का काम देखने आए पंजाब के पंचायतीराज विभाग का दल
3.50 लाख के खर्च से बावड़ी को बनाया खूबसूरत... पांच सौ साल पुरानी बावड़ी का 3.50 लाख रुपए से जीर्णोद्धार कराया। इसकी दीवारों पर प्लास्टर व देवी-देवताओं की चित्रकारी की गई। दो साल पहले तक पूरी तरह सूख चुकी बावड़ी में अभी 25 फीट पानी भरा है। जीर्णोद्धार का मार्गदर्शन करने वाले पीएचईडी के जेईएन शिवराज भील को शनिवार को ही विभाग के प्रमुख शासन सचिव राजेश्वरसिंह ने सम्मानित किया।
भगवानपुरा में पौधरोपण कार्य देखे... मांडल. पंजाब से दल ने पंचायत समिति क्षेत्र में भी विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। नरेगा सहायक अभियंता अब्बास अली खान ने बताया कि अधिकारियों का मांडल पंचायत समिति परिसर में माल्यार्पण किया गया। पंचायत समिति सभागर में चर्चा के बाद धुंवाला पंचायत में बने एनीकट, नरेगा कार्य स्थल का निरीक्षण किया। भगवानपुरा में लगाए छायादार पौधे, खाद गोदाम भी देखा।
उद्यानों से ज्यादा सुकून देने वाला श्मशान... आसींद. पंजाब सरकार के पंचायतीराज विभाग का प्रतिनिधिमंडल शनिवार दोपहर बाद लाछुड़ा पहुंचा। यहां भी नरेगा के तहत कराए कार्यों का अवलोकन किया। श्मशानघाट देखकर कहने लगे कि यहां का तो श्मशान उद्यानों की तरह सुकून देने वाला है। मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना में बनाई नाड़ी, मॉडल तालाब, अटल सेवा केंद्र भी देखे।
खारी का लांबा में बावड़ी का अवलोकन करती पंजाब की टीम।