बदनौर | न्याय आपके द्वार राजस्व लोक अदालत शिविर शनिवार को राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में हुआ। अध्यक्षता उपखंड अधिकारी दिनेशकुमार धाकड़ ने की। मुख्य अतिथि विधायक रामलाल गुर्जर थे। उपजिला प्रमुख रामचंद्र सेन, विकास अधिकारी अमित जैन, उपप्रधान घनश्याम सिकलीगर, मंडल अध्यक्ष गोविंदसिंह चुंडावत, पंचायत समिति सदस्य कुसुमलता भाला, सरपंच एकता जायसवाल व महामंत्री प्रतापसिंह चौहान आदि विशिष्ट अतिथि थे।
शिविर में नाम शुद्धि के 24 साल पुराने मामले में छोटूलाल का नाम सुधारते हुए पुषाशंकर शर्मा किया गया। बैराठ विकास समिति के अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान व शिवसिंह शक्तावत के नेतृत्व में 5 विभिन्न मांगों का ज्ञापन दिया गया। इसमें युवाओं को रोजगार, उच्च शिक्षण संस्थान खुलवाने, पंचायत समिति का दर्जा दिलाने, रोडवेज बसें चलाने व सामुदायिक अस्पताल में डॉक्टरों के पद भरने की मांग शामिल है। इस दौरान चंबल परियोजना के एईएन ओमप्रकाश अजमेरा को मौके पर बुलवाकर पानी वितरण व्यवस्था के लिए उपप्रमुख सेन ने कहा। उन्होंने कहा कि पूरे गांव में चंबल का पानी सप्लाई नहीं हो सकता तो परियोजना को बंद ही रहने देना। परियोजना के अधिकारी ने कहा कि सोमवार तक आधे गांव को ही पानी मिल सकेगा। उपखंड अधिकरी ने पालड़ी से आए महावीरसिंह जाट की पुत्री का नाम तत्काल खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़वाया। महिलाओं ने विकास अधिकारी अमित जैन से महानरेगा के कामों का भुगतान एक साल से नहीं होने की शिकायत की। इस पर संबंधित विभाग को 15 दिन में रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा गया।