सिंगोली चारभुजा | महाराणा प्रताप ने स्वाभिमान एवं मातृभूमि की रक्षा करने अंतिम क्षण तक मुगलों से संघर्ष किया। उनके संघर्ष की अमर गाथा ने मेवाड़ की धरा को विश्व में पहचान दिलाई। उनके संघर्ष में समाज के प्रत्येक वर्ग ने सहयोग दिया था। जिनसे आज के राजनीतिज्ञ प्रेरणा ले सकते हैं। यह बात मांडलगढ़ के पूर्व विधायक एवं मेवाड़ क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने कही। वे अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा की ओर से पटना में बिहार चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के सभागार में आयोजित महाराणा प्रताप जयंती समारोह में बोल रहे थे। मुख्य अतिथि मिजोरम के राज्यपाल गंगा प्रसाद थे। उन्होंने महाराणा प्रताप के आदर्शों को अमूल्य निधि बताया। समारोह में मुख्य संरक्षक बिहार पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह, बनेड़ा के पूर्व विधायक पराक्रम सिंह, अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा के संयोजक राणा सिंह आदि अतिथि थे। समारोह में उल्लेखनीय कार्य करने पर 15 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।