भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा
जाट महासभा के नेतृत्व में समाजजनों ने शुक्रवार को एसपी को ज्ञापन सौंप मांग की है कि आसींद थाने में दर्ज हत्या के मामले की पत्रावली तलब करा किसी अन्य उच्च अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए। हत्यारों की पांच दिन में गिरफ्तारी नहीं होने की दशा में 28 मई को कलेक्ट्रेट पर भूख हड़ताल की जाएगी।
जाट महासभा के जिलाध्यक्ष रामेश्वरलाल जाट के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में कहा गया कि 20 फरवरी को दोपहर करीब दो बजे रूपपुरा निवासी महावीर पुत्र नारायण जाट बाइक लेकर बिना बताए चला गया। 21 फरवरी को आसींद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। तीन बजे चरवाहे ने रूपपुरा की सरहद में महावीर के शव को हेमराज जाट के कुएं में देखा। सूखे कुएं से शव को बाहर निकाल देखा तो उसके गले में साफी का फंदा जिसमें गांठें बंदी हुई थी, गले में लिपटा था। किसी ने महावीर की हत्या कर सबूत मिटाने के लिए कुएं में पटक दिया। आसींद थाने में रिपोर्ट देने पर हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया।
फरियादी पक्ष व समाज के लोगों द्वारा 12 मार्च को एसपी व अन्य अधिकारियों को रिपोर्ट दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। 26 मार्च को मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। 3 अप्रैल को जाट समाज ने आसींद थाने पर धरना दिया। एएसपी गंगापुर ने 10 दिन में हत्यारों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, इस पर समाजजनों ने 15 दिन में राजफाश के लिए कहा, जांच डीएसपी वरदीचंद गुर्जर के जिम्मे की गई, लेकिन करीब डेढ़ माह में भी हत्यारे गिरफ्तार नहीं हुए।
भीलवाड़ा. एसपी को ज्ञापन देने जाते जाट महासभा के पदाधिकारी व समाजजन।