- Hindi News
- National
- रोहुआ पहाड़ी पर शहद खाने गए जीजा साला, भालू को देखकर पहाड़ी से गिरे जीजा की मौत
रोहुआ पहाड़ी पर शहद खाने गए जीजा-साला, भालू को देखकर पहाड़ी से गिरे जीजा की मौत
परिवार के लोगों ने जताया हत्या का संदेह
भास्कर न्यूज | मंडार
समीपवर्ती रोहुआ पहाड़ी पर शहद खाने गए जीजा-साला भालू को देखकर पहाड़ी से गिरने पर जीजा की मौत हो गई। परिवार ने हत्या का संदेह जताया है। पुलिस के अनुसार रोहुआ निवासी रमेश कुमार पुत्र मंजीराम भील ने शनिवार को बयान देकर बताया था कि उसका जीजा धवली निवासी रवि कुमार (35) पुत्र चमनाराम भील रोहुआ में गजाराम चौधरी के कुएं पर खेती करता था। दोपहर को वो तथा रवि कुमार शहद खाने के लिए दोनों रोहुआ की पहाड़ी पर गए थे, लेकिन शाम को दोनों उतरते समय भालू ने उनका पीछा किया तो दोनों जान बचाने के चक्कर में पहाड़ी पर भागने लगे और रास्ता बदल गया। वो 6 बजे पहाड़ी से उतर कर बहन के पास जाकर बहनोई के आने की जानकारी ली तो बहन ने बताया कि रवि कुमार घर पर नहीं आए। जिस पर उसने करीब 10 से 12 लोगों को लेकर रवि कुमार की तलाश में रात के समय पूर्ण पहाड़ी पर पहुंचे। देर रात तक पहाड़ी पर तलाश करने के बाद सुबह शव पहाड़ी पर एक पत्थर के पास मिला। परिवार और लोगों सूचना मंडार पुलिस को दी। पुलिस ने मौकेपर पहुंचकर शव का जांच करने के बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पहाड़ी से नीचे लाने के बाद उसे सरकारी अस्पताल लाया। रविवार को दिनभर शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था।
पोस्टमार्टम नहीं करवाने पर अड़े परिजन
रविवार शाम को मृतक के परिवार को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार रोहुआ पहुंचे। मंडार पुलिस थाना पहुंचकर मृतक के परिवार के लोगों ने बताया कि यह हादसा नहीं है बल्कि रवि कुमार की हत्या हुई है। इस कारण मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। परिवार के लोगों ने बताया कि करीब 15 साल से हमारा भाई रोहुआ में निवास करता है एकाएक उसके साथ हादसा हुआ है। इस कारण हत्या का मामला दर्ज नहीं होने तक पोस्टमार्टम नहीं करवाने पर अड़े रहे। थाना अधिकारी हमीरसिंह भाटी, एएसआई नरपतसिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। किसी भी तरह से हत्या का संदेह नहीं है फिर भी जांच कर उचित कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया।