पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 7 साल बाद भी न पिकनिक स्पॉट बना, न स्टॉप डेम

7 साल बाद भी न पिकनिक स्पॉट बना, न स्टॉप डेम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर पालिका ने नागरिकों को मनोरंजन के लिए एक विकसित पार्क के साथ पिकनिक स्पॉट और सैर सपाटे के लिए कलियासोत नदी पर स्टाप डेम के साथ झिरिया घाट का सौंदर्यीकरण कर पिकनिक स्पाट बनाने की योजना बनाई थी, लेकिन नपा के जिम्मेदार अफसरों के सुस्त रवैये के चलते योजना को सात साल बाद भी मूर्तरुप नहीं दिया जा सका। इन दोनों प्रोजेक्ट पर तीन करोड़ रु खर्च किए जाने का मसौदा तैयार किया गया था। नपा ने दोनों प्रोजेक्ट के पूरे होने की डेडलाइन तीन से चार महीने तय की थी, मगर वे अब तक भी कागजों से बाहर नहीं निकल सके। प्रोजेक्ट के पूरा होने से जहां नागरिकों को पिकनिक स्पॉट के साथ सैर सपाटे की सुविधा मिलती। वहीं स्टॉप डेम के बनने से नदी और इसके आसपास के ट्यूबवेलों का जलस्तर बढ़ता। मगर जनप्रतिनिधियों के साथ नपा अधिकारियों के उदासीनतापूर्ण रवैए के चलते न तो स्टॉप डेम बन सका न ही लोगों को सैर सपाटे की सुविधा ही मिल सकी। खास बात ये है कि पूर्व नपाध्यक्ष पूर्णिमा जैन ने इन दोनों अहम प्रोजेक्ट को अपने चुनावी एजेंडे में भी शामिल किया था। इसके बाद भी वे इनको अमलीजामा नहीं पहनावा पाईं।

यह होता फायदा : झिरिया घाट पर पिकनिक स्पॉट बनाने से नगर में पार्क की कमी को कुछ हद तक पूरा किया जा सकता था। यहां पिकनिक स्पाट बनने से लोगों को प्रदूषण रहित ताजी हवा और स्वस्थ वातावरण मिलता। जलप्रदाय के लिए निकाय पूरी तरह से ट्यूबवेलों पर निर्भर है। नपा के अधिकांश बोर नदी किनारे ही हैं। इनमें से ज्यादातर गर्मियों में दम तोड़ देते हैं। नदी पर स्टाप डेम बनने से बोरों के जलस्तर में बढ़ोत्तरी होती।

नगर में अभी ऐसा एक भी स्थान पार्क नहीं है। जहां रहवासी परिवार के साथ सुकून के दो पल बिता सकें। झिरिया घाट को पिकनिक स्पाट बनाने से थोड़ी उम्मीद जागी थी लेकिन नपा की अन्य योजनाओं की तरह इसका भी वैसा ही हश्र हुआ। सौरभ राठौर, रहवासी वार्ड 3

नगर में एक भी विकसित पार्क नहीं है जिसकी कमी लोगों को काफी अखरती है। एक विकसित पार्क की बेहद जरूरत है। इसे नपा को पूरा करना चाहिए। विजय पटेल, स्कूल संचालक मंडीदीप

दोनों ही प्रोजेक्ट परिषद से पारित हैं। हमारी पूरी कोशिश थी कि इनका काम समय से पूरा हो जाए लेकिन अफसरों ने इसमें सुस्त रवैया अपनाकर अडंगा लगा दिया। पूर्णिमा जैन, पूर्व नपा अध्यक्ष मंडीदीप

नदियों के सौंदर्यीकरण के साथ पार्कों के विकास की योजनाएं बनाई हैं। जल्दी ही इनको पूरा किया जाएगा। बद्रीसिंह चौहान, नपाध्यक्ष मंडीदीप

खबरें और भी हैं...