मंडीदीप| पर्यावरण संवर्धन एवं संरक्षण के लिए पौधरोपण अत्यंत आवश्यक है। पर्यावरण की रक्षा के लिए सबको आगे आना चाहिए। क्योंकि वन है तो ही जीवन है। यह बात नगर के वार्ड 15 में आयोजित किए जा रहे श्रीश्री1008 शतचंडी महायज्ञ के दौरान चल रही भागवत कथा में कथावाचक नीरज शर्मा ने सोमवार को कही। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से कहाकि पौधरोपण करने से ही अगली पीढ़ी सुरक्षित रहेगी। इसलिए सब पौधारोपण करें। उन्होंने कहाकि अब जरूरत है कि समाज के हर वर्ग, समुदाय और संगठनों के लोग पौधरोपण को पूरी जिम्मेदारी से पूरा करें। हमारे पूर्वजों ने हमारे लिए पेड़ लगाए तब हमें स्वच्छ हवा मिली। लेकिन अब रोजाना कट रहे पेड़ से आने वाले समय में वंशजों को कई परेशानियां होंगी। ऐसे समय में हमारी पीढ़ी को कोसा जाएगा। उन्होंने कहाकि इससे बचने के लिए पौधरोपण का संकल्प लें और सांसों का कर्ज चुकाएं। मालूम है कि आयोजन समिति की ओर से सामाजिक सरोकार के अंतर्गत पानी बचाने,पेड़ लगाने,बेटी बचाने सहित जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। कथा में लोगों को इसी तरह के सामाजिक सरोकारों से जुड़ी बातें बताई जाती हैं।