भोजपुर क्षेत्र की जनता बुनियादी आवश्यकताओं सड़क, बिजली और पानी के लिए जद्दोजहद कर रही है, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। भाजपा जिन सड़क बिजली और पानी के मुद्दों पर सत्ता में आई थी। 15 वर्ष शासन करने के बाद भी इन मामलों में आशानुरूप विकास नहीं हुआ है। क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले भाजपा के विधायक और सांसद चैतुओं की तरह पकी पकाई फसल काटने आते हैं। चुनावी समय में भाजपा नेता भी जनता से सिर्फ वोट मांगने के लिए ही आते हैं।
यह बात नपाध्यक्ष बद्री सिंह चौहान ने कही। वे भाजपा द्वारा निकाली जा रही विकास यात्रा एवं चलो पंचायत की ओर कार्यक्रम की असलियत बताते वार्ड15 में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को धोखा देकर सत्ता पाने छल कपट का सहारा ले रही है। नपाध्यक्ष ने भाजपा नेताओं पर तीखे वार करते हुए कहा कि जो नेता चुनाव जीतने के बाद पांच साल तक नहीं लौटे अब चुनाव आते ही उन्हें जनता की याद आने लगी है।
उन्होंने भाजपा की विकास यात्रा को जनता को बरगलाने और सत्ता पाने का हथकंडा बताया। उन्होंने यह भी कहा कि जनता अब भाजपा की बाजीगरी को समझ चुकी है। अब जनता झूठे वादे करने वाले चैतुए नेताओं को सबक सिखाने के मूड में है।