सतलापुर के श्रीखेड़ापति माता मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम श्रीश्री 1008 शतचंडी यज्ञ के साथ श्रीराम कथ एवं श्रीमदभागवत कथा का भी आयोजन किया जा रहा है। जहां समिति की ओर से सामाजिक सरोकार के अंतर्गत जनजागरूकता के संदेश भी दिए जा रहे हैं। इसी के तहत शनिवार को राम कथा के प्रारंभ में कथावाचक रामकृष्ण महाराज ने व्यासपीठ से श्रद्धालुओं को जल संरक्षण का संदेश देते हुए पानी बचाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि पानी की हर एक बूंद अनमोल है।
इसे व्यर्थ न बहाएं। इसके साथ ही उन्होंने वर्षा के पानी को भी सहेजने की बात कही।इसके बाद देवी स्वरूपा नो कन्याओं का पूजन कर बेटी बचाने और बेटी पढ़ाने का संदेश दिया गया। वहीं कथा के समापन पर भारत माता की संगीतमय आरती की गई। इस तरह समिति द्वारा भगवत भक्ति की राह दिखाने के साथ ही साथ राष्ट्रीयता की भावना जगाने के लिए दोनों कथाओं के समय भारत माता की आरती की जाती है।
पानी बचाओ जागरूकता अभियान चला रही नपा
वहीं इधर नगर में स्थानीय प्रशासन द्वारा भी लोगों को पानी बचाने के प्रति सचेत किया जा रहा है। नपाध्यक्ष बद्री सिंह चौहान बताते हैं कि जल संकट से निपटने नपा निजी टैंकरों से अनुबंधित कर वार्डों में पानी का परिवहन करने के साथ ही साथ रहवासियों को पानी की अधिक परेशानी न हों एवं इसका सदुपयोग करें इसके लिए लोगों को जागरूक करने के लिए पानी बचाओ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वाहनों से वार्डों में मुनादी करने के साथ होर्डिंग्स के माध्यम से लोगों से पानी बचाने की अपील कर रहे हैं। ताकि आगे उन्हें पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े।