भास्कर संवाददाता | मंडलेश्वर
मंडलेश्वर थाने के तहत ग्राम छोटी खरगोन में 19 वर्षीय बालिका के साथ मौसी की लड़की के पति (जीजाजी) ने दो साल तक दुष्कर्म किया। इससे लड़की को 9 माह का गर्भ ठहर गया। इसकी जानकारी लगने पर पीड़िता ने माता-पिता के साथ थाने पहुंचकर जीजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने संबंधित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार छोटी खरगोन निवासी 19 वर्षीय बालिका माता-पिता के साथ शनिवार को थाने पहुंची। उसने बताया मैंने कक्षा 10वीं तक की पढ़ाई शासकीय कन्या विद्यालय छोटी खरगोन व कक्षा 9वीं की पढ़ाई कन्या स्कूल मंडलेश्वर से की है। 2015 से पढ़ाई छोड़ दी है। मेरी मौसी की लड़की का पति कुछ दूरी पर ही रहता है। उसका मेरे घर पर आना-जाना रहता है। उसने मेरी मर्जी के बिना मेरे घर में दो साल के दौरान कई बार दुष्कर्म किया। साथ ही धमकी दी कि इसकी जानकारी किसी को दी तो जान से मार दूंगा। इस डर से इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। दुष्कर्म करने से 9 माह का गर्भ ठहर गया। इसकी जानकारी जब मां को लगी तो उन्होंने पूछताछ की। इस पर उन्हें पूरा घटनाक्रम बताया। साथ ही थाने पर आकर पीड़िता ने जीजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जीजा काे गिरफ्तार किया है।