- Hindi News
- National
- जूतों की माला के साथ विरोध कराे, तब क्षतिग्रस्त स्कूल भवन के बारे में सोचूंगा
जूतों की माला के साथ विरोध कराे, तब क्षतिग्रस्त स्कूल भवन के बारे में सोचूंगा
भास्कर संवाददाता | मंडलेश्वर
नगर में शासकीय स्कूल के क्षतिग्रस्त भवन को लेकर पूछे गए प्रश्न पर स्थानीय विधायक राजकुमार मेव भड़क गए। उन्होंने आपा खोते हुए बयान दिया कि पहले जूतों की माला पहनाकर विरोध करो, तब क्षतिग्रस्त स्कूल भवन के बारे में सोचा जाएगा। सोमवार को महात्मा गांधी शासकीय उमावि के क्षतिग्रस्त भवन को लेकर मीडियाकर्मी के सवालों पर विधायक के ऐसे बयान से सोशल मीडिया सहित लोगों में चर्चा बनी हुई है।
सोमवार को विधायक मेव महात्मा गांधी शासकीय उमावि में मुख्यमंत्री की स्कूली छात्रों को साइकिल वितरण की योजनांतर्गत हुए आयोजन के मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए थे। इस अवसर पर प्राचार्य एबी गुप्ता, वीके शर्मा, वीपी शर्मा, श्याम डोंगरे, अजीत चौहान के साथ ब्लॉक एजुकेशन अाॅफिसर भी उपस्थित थे। इस संबंध में विधायक मेव ने कहा मैंने इस संबंध में कोई बयान नहीं दिया है। भजपा नेता पुरुषोत्तम पवार ने कहा- विधायक का बयान उचित नहीं है। उन्हें एेसे बयान से बचना चाहिए।
महात्मा गांधी शासकीय उमावि में मुख्यमंत्री की स्कूली छात्रों योजनांतर्गत विधायक मेव ने किया साइकल वितरण।
150 साल पुराना है भवन, नहीं दे रहे ध्यान
नगर का शासकीय विद्यालय भवन 150 साल से अधिक पुराना है। वर्तमान में भवन कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुका है। 300 से अधिक छात्र इस जर्जर भवन में शिक्षा ग्रहण करने के लिए मजबूर हैं। 30 से अधिक शिक्षक इस विद्यालय में छात्रों को शिक्षा दे रहे हैं। विधायक मेव का स्थायी निवास मंडलेश्वर में स्थित होने से इस समस्या को लेकर कई बार उन्हें अवगत कराया गया है लेकिन इस मामले पर कभी संज्ञान नहीं लिया गया।