गर्मी में परेशान हो गए यात्री
महेश्वर | यात्री बसों की हड़ताल के कारण बस स्टैंड के अलावा धामनोद मार्ग एवं मंडलेश्वर मार्ग पर बस स्टॉप स्थान पर यात्री परेशान हुए। कुछ यात्री निजी वाहनों को रोकने का प्रयास किया। बस एसोसिएशन द्वारा लंबे समय से यात्री किराए में वृद्धि को लेकर मांग की जाती रही है जिसका नतीजा नहीं निकलने के कारण सोमवार से यात्री बसों के पहिए थम गए जिसका खामियाजा यात्रियों को उठाना पड़ा। सुबह से लेकर शाम तक बसे नहीं चलने के कारण कई लोग भीषण गर्मी में बस स्टैंड एवं अन्य स्थानों पर दुकानों के बाहर छायादार जगह की तलाश करते रहे। महेश्वर तहसील के ग्राम मोहनिया के सुखलाल सोलंकी ने बताया एक गमी के कार्यक्रम में आए थे लेकिन बसें नहीं चलने से 2 घंटे इंतजार करना पड़ा। धार जिले के ग्राम गंधवानी जा रहे भगवान सेन ने बताया काफी देर से बसों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन हड़ताल होने की स्थिति में बसें बंद हैं।