भावांतर के तहत खरीदी नहीं हो रही, किसान नाराज
बड़ावदा | भावांतर योजना के तहत कृषि उपज मंडियों में लहसुन खरीदी हो रही है लेकिन बड़ावदा उपमंडी में खरीदी नहीं होने से किसानों को बाहर जाकर लहसुन बेचना पड़ रही है। इस कारण किसानों के समय और पैसे की बर्बादी हो रही है। किसानों में आक्रोश फैल रहा है। मामले में किसानों ने उपमंडी के सहायक सचिव कनकमल जैन को समस्या बताई। इसमें बताया उपमंडी में खरीदी नहीं होने से किसानों को मंदसौर, जावरा, रतलाम मंडी जाना पड़ रहा है। जब उपमंडी शुरू हुई तो लहसुन की खरीदी के चलते बंपर आवक होने लगी। किसानों का रुझान भी मंडी के लिए बढ़ा। अब उपमंडी में भावांतर योजना के तहत लहसुन की खरीदी नहीं होने से किसान नाराज हैं। किसान बालकिशन राठौड़, नारायण पाटीदार ने बताया जैसे तैसे लहसुन की खरीदी मंडी में शुरू हुई। भावांतर का लाभ नहीं मिलेगा, तो आवक कम हो जाएगी। माल को दूसरी जगह ले जाने के लिए अतिरिक्त भाड़ा लगेगा। मंडी सचिव ओपी खेड़े ने बताया उच्च अधिकारियों द्वारा जिले में रतलाम, सैलाना व जावरा मंडी को लहसुन के लिए भावांतर में लिया है। विधायक जितेंद्र गेहलोत ने बताया भावांतर योजना के लाभ का आदेश लगभग सभी मंडियों को प्राप्त है, उपमंडी में यह सुविधा क्यों नहीं, इस संबंध में अधिकारियों से चर्चा करूंगा।