दो किसानों के घर में आग लगी, उपज जली
भास्कर संवाददाता | मंदसौर |
शनिवार को कुंडला भाटी में दो किसानों के मकान में आग की घटना हुई। किसान बलवंत सिंह भाटी व भंवरसिह भाटी के निवास पर अज्ञात कारणों के चलते लगी आग से मकान के अगले हिस्से में रखा अनाज, कपड़े, गेहूं, चने, सोयाबीन, लहसुन जल गया। किसानों के परिजन घटना के वक्त घर पर नहीं थे। ग्रामीणों की सूचना पर सीतामऊ से फायर ब्रिगेड की टीम आई। गांववासियों ने बडी मशक्कत से आग पर काबू पाया। हल्का पटवारी योगेश पाटीदार ने गांव पहुंचकर नुकसानी का आंकलन कर पंचनामा बनाया। विधायक हरदीप सिंह डंग व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह पंवार गांव पहुंचे व पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से मदद का आश्वासन दिलाया।