पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Ratlam
  • जून तक चंबल का पानी शहर में लाने के दावे में बाधा बन रही रेलवे की स्वीकृति

जून तक चंबल का पानी शहर में लाने के दावे में बाधा बन रही रेलवे की स्वीकृति

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहरवासियों की आगामी 30 साल बाद की पेयजल मांग को ध्यान में रख बनाई गई चंबल योजना पूरी होने वाली है। कोलवी के पास इंटकवेल से मंदसौर रामघाट तक 53 किमी की पाइप लाइन में 47 किमी लाइन का काम हो चुका है। शहर में पशुपतिनाथ मंदिर के पास तक लाइन डलना शुरू हो गई है। इंटकवेल बनने के बाद वहां पंप हाऊस का काम होगा। जिम्मेदार जून अंत तक चंबल का पानी मंदसौर लाने का दावा कर रहे हैं हालांकि रेलवे की अनुमति पर आकर मामला अटक गया है। क्योंकि पाइप लाइन रेलवे लाइन के नीचे से गुजरना है।

अमृत योजना में ढाई साल पहले स्वीकृत हुई चंबल पेयजल योजना में कोलवी के पास इंटकवेल निर्माण कर 53 किमी की पाइप लाइन के माध्यम से मंदसौर के रामघाट बैराज में पानी लाना है। योजना का 90 फीसदी काम हो चुका है। कोलवी पर बने इंटकवेल से लेकर रामघाट तक 47 किमी की लाइन का काम पूरा कर लिया। अभी मेनपुरिया आश्रम के पास रेलवे लाइन से रामघाट तक लाइन डालने का काम हो रहा है। पशुपतिनाथ मंदिर तक लाइन का काम हो गया है। पशुपतिनाथ से रामघाट तक ढ़ाई किमी लाइन शेष है जिसे पंद्रह दिन में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद ठेकेदार को डिगांव के पास सीतामऊ रोड को क्रास करने के लिए करीब 700 मीटर, इंटकवेल के पास से डली लाइन को पंप हाऊस तक जोड़ने एवं मेनपुरिया आश्रम के पास रेलवे लाइन के नीचे से लाइन डालने का काम करना है। इसमें रेलवे लाइन को लेकर मामला अटक सकता है।

पशुपतिनाथ मंदिर के पास चल रहा पाइप लाइन डालने का काम।

पंप हाउस व ग्रिड का काम बाकी
इंजीनियरों के अनुसार चंबल योजना में इंटकवेल के पास पंप हाऊस व ग्रिड का काम होना है। उसमें पंप हाउस के लिए सामग्री आ रही है इसमें दस से पंद्रह दिन का समय लग जाएगा। इसके बाद एक माह में पंप हाउस का काम पूरा कर लिया जाएगा। ग्रिड के लिए विविकं के अधिकारियों से चर्चा चल रही है उनके अनुसार 15 से 20 दिन में ग्रिड का काम कर लिया जाएगा। ऐसे में रेलवे से जल्द अनुमति मिल जाती है तो जून अंत तक चंबल का पानी मंदसौर आने की उम्मीद है।

अनुमति पर अटका मामला
पेयजल लाइन का काम 15 से 20 मई तक पूरा हो जाएगा। इसमें मेनपुरिया आश्रम के पास रेलवे लाइन के नीचे से पाइप लाइन डालने का मामला अटका हुआ है। अब तक रेलवे से अनुमति नहीं मिली है। मामले में नपा जिम्मेदारों का कहना है कि इसके लिए रेलवे ने मिट्टी परीक्षण की रिपोर्ट मांगी थी जो पॉजिटिव आई है। अब केवल स्वीकृति का इंतजार है। इस माह के अंत तक रेलवे की स्वीकृति मिलने का दावा कर रहे हैं।

मिट्‌टी परीक्षण हो गया
मेनपुरिया आश्रम के पास रेलवे लाइन के नीचे से पाइप लाइन निकालने के लिए रेलवे ने मिट्टी परीक्षण कराया जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। स्वीकृति मिल जाती है तो जून अंत तक चंबल का पानी मंदसौर आ जाएगा। पुलकित पटवा, जलकल सभापति, नपा मंदसौर

खबरें और भी हैं...