पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Ratlam
  • मिड इंडिया रेलवे फाटक पर अंडरब्रिज बनेगा, जांच समिति ने सौंपी रिपोर्ट, अब शासन से राशि का इंतजार

मिड इंडिया रेलवे फाटक पर अंडरब्रिज बनेगा, जांच समिति ने सौंपी रिपोर्ट, अब शासन से राशि का इंतजार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मिड इंडिया रेलवे फाटक पर अंडरब्रिज व वैकल्पिक मार्ग को लेकर चल रहे विवाद के बाद अब जांच समिति ने सभी पक्षों की राय व इंजीनियरों के निरीक्षण के बाद अंडरब्रिज को हरी झंडी दे दी है। रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी। कलेक्टर अध्ययन करने के बाद निर्णय की बात कह रहे हैं। अंडरब्रिज को स्वीकृति तो मिलती दिख रही लेकिन शासन ने अब तक जारी नहीं की है। इसके अभाव में नपा टेंडर प्रक्रिया भी शुरू नहीं कर पाएगी।

मिड इंडिया रेलवे फाटक पर अंडरब्रिज को लेकर फाटक पार के हजारों लोगों द्वारा करीब आठ साल से संघर्ष किया जा रहा है। जनवरी में नपा ने डिजाइन तैयार कर रेलवे से स्वीकृति प्राप्त कर अंडरब्रिज की प्रक्रिया शुरू की तो स्टेशन तरफ के रहवासियों व अन्य लोगों ने अंडरब्रिज व उसकी डिजाइन पर ही आपत्ति ले ली। वैकल्पिक मार्ग की मांग उठने लगी। विवाद के बाद कलेक्टर ने एसडीएम, नपा इंजीनियर, लोक निर्माण विभाग के ईई की जांच समिति बनाई। इसे अंडरब्रिज व अन्य वैकल्पिक मार्ग का परीक्षण कर सबसे उपयुक्त का चयन करना था। जांच समिति ने रिपोर्ट में मिड इंडिया फाटक पर अंडरब्रिज को ही सबसे उपयुक्त बताया। मामले में अंतिम निर्णय कलेक्टर ओपी श्रीवास्तव को लेना है।

सीएम की घोषणा के बाद अब तक नहीं मिली राशि

मिड इंडिया रेलवे फाटक पर अंडरब्रिज निर्माण के लिए 20 जनवरी को दलौदा में मुख्यमंत्री ने 4 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। नगरपालिका को शासन से अब तक कोई राशि प्राप्त नहीं हुई है। इसके अभाव में नपा अंडरब्रिज के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू नहीं कर पा रही है। राशि मिलने के बाद टेंडर जारी किए जाएंगे, उसके बाद काम शुरू किया जाएगा। ऐसे में पटरी पार की आधा दर्जन कॉलोनियों के 12 हजार से अधिक लोगों को अंडरब्रिज के लिए इंतजार करना होगा।

इस तरह स्वीकृत हुई डिजाइन

स्टेशन की तरफ श्याम भोजनालय से अंडरब्रिज शुरू होगा जो दशरथनगर की तरफ माथुर कॉलोनी मार्ग के मुहाने तक जाएगा। कॉलोनी का रास्ता बंद नहीं होगा। व्यवसायियों के लिए 10 फीट की सर्विस रोड बनाई जाएगी।

अग्रसेन नगर से आने वाला मार्ग अंडरब्रिज के ऊपर से हाेेते हुए सीधे प्लेटफाॅर्म दो के पीछे वाली रोड से जुड़ेगा। रेलवे ने अंडरब्रिज को 45 मीटर लंबा किया है। प्लेटफाॅर्म दो की तरफ से सर्विस रोड अंडरब्रिज में मिलेगी।

दशरथनगर की तरफ से आने वाले नाले को दुकानों के सामने बनने वाले सर्विस रोड के नीचे से निकाला जाएगा जो अंडरब्रिज के बाद वापस रेलवे की जमीन पर बने नाले से जुड़ जाएगा। अंडरब्रिज में बरसात के पानी को निकालने के लिए गीताभवन अंडरब्रिज की तरह पंपिंग स्टेशन बनाया जाएगा।

श्याम भोजनालय के सामने अंडरब्रिज का मुहाना 25 फीट चौड़ा रहेगा, 10 से 15 मीटर बाद अंडरब्रिज की चौड़ाई 42 फीट हो जाएगी।

मिड इंडिया रेलवे फाटक पर बनेगा अंडरब्रिज, जांच समिति ने सौंपी रिपोर्ट।

जो जनहित में होगा वही निर्णय लेंगे

जांच रिपोर्ट आई है। उसका अध्ययन कर जल्द निर्णय लिया जाएगा। जो जनहित में होगा वहीं निर्णय लेंगे। सप्ताहभर में सब स्पष्ट हो जाएगा। ओपी श्रीवास्तव, कलेक्टर

खबरें और भी हैं...