पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Ratlam
  • मोरवनी डोह सूखा, अब आजाद डेम से खीचेंगे पानी, 10 जून से 2 दिन छोड़कर होगा जलप्रदाय

मोरवनी डोह सूखा, अब आजाद डेम से खीचेंगे पानी, 10 जून से 2 दिन छोड़कर होगा जलप्रदाय

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर को पेयजल संकट से बचाने के लिए नपा ने 7 मई को रामघाट से सात किमी दूर मोरवनी डोह में पंप लगा कर गड्ढों से पानी सहेजना शुरू किया था। अब वहां भी पानी खत्म हो गया है। ऐसे में नपा ने बुधवार को आजाद घाट पर पंप लगाने की तैयारी की। आजाद घाट से 15 दिन का पानी और मिलेगा। फिर भी पानी कम होने पर नपा 10 जून से दो दिन छोड़कर पेयजल वितरण कर सकती है। इधर, अंचल में कई जगह स्थिति गंभीर है। डिगांवमाली, दाऊदखेड़ी सहित आसपास क्षेत्र के लोगों को पानी के लिए कई किमी का सफर तय करना पड़ रहा है। दाऊदखेड़ी में तो ग्रामीण जान जोखिम डाल बंद खदानों से पानी लाने को मजबूर हैं।

शहर को पेयजल संकट से बचाने के लिए नपा शिवना पर बने रामघाट से सात किमी दूर मोरवनी डोह के गड्ढों से पानी ला कर रही है। वहां से करीब 12 करोड़ लीटर पानी कालाभाटा बांध तक पहुंचाया जा चुका है लेकिन इससे शहर की पूर्ति नहीं होगी। वहां पानी खत्म होने पर नपा ने अाजाद घाट पर बिजली पंप लगाने की तैयारी की है। बुधवार को नपा कर्मचारियों ने पाइप लाइन बिछाई। यहां से भी पानी आजाद डेम होते हुए कालाभाटा पहुंचाया जाएगा। आजाद डेम व कालाभाटा के जलग्रहण क्षेत्र में बने गड्ढे का पानी रामघाट पहुंचाने पर नपा को 15 से 20 दिन का पानी मिल जाएगा। नपा 20 मई को कालाभाटा के गेट खोल रामघाट तक पानी पहुंचाएंगी। इसके बाद पानी की उपलब्धता को देखते हुए 10 जून से दो दिन छोड़कर पेयजल वितरण का निर्णय लिया जा सकता है।

गांव में 15 नलकूप, एक को छोड़ सभी बंद

डिगांवमाली में 3500 हजार की आबादी है। गांव में पंद्रह नलकूप हैं लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही से एक को छोड़ सभी बंद हैं। किसी में विद्युत मोटर नहीं है तो अधिकतर में पानी टूट गया है। एक नलकूप में सुबह-शाम 15 से 20 मिनट पानी आता है। ऐसे में ग्रामीण दो से तीन किमी दूर खेतों पर बने कुओं से पानी लाने को मजबूर हैं। मैनपुरी में नल-जल योजना तो है लेकिन सरकारी कुएं में पानी कम होने से ग्रामीणों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा। ग्रामीणों का कहना है कि वह गांव के ही राजू वरदीचंद माली के कुएं से पानी ला रहे हैं। सुबह 7 बजे से मोटर चालू करते साथ लोग पानी भरना शुरू करते है जो 11 बजे तक भरते हैं। ग्रामीण सुनील सोलंकी ने बताया कि राजू के कुएं में पानी नहीं होता तो हम क्या करते।

बंद रखी खदानों से ला रहे पानी

इधर, अंचल में पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है। कई गांवों में ग्रामीणों को दो से पांच किमी दूर से पानी लाना पड़ रहा है। शहर से करीब 7 किमी दूर दाऊदखेड़ी में पंचायत द्वारा एक सरकारी कुएं से एक दिन छोड़कर आधे घंटे पानी दिया जा रहा है। इससे पानी की पूर्ति नहीं हो रही है। परेशान लोग गांव के आसपास बंद खदानों में एकत्र पानी को जान को खतरे में डालकर लाने को मजबूर हैं। गांव की महिलाएं बच्चों की दिनचर्या में सुबह-शाम को खदानों से पानी लाना शामिल हो गया है।

खबरें और भी हैं...